बिशारतगंज। बारिश में मझगवां ब्लॉक में तेजी से वायरल बुखार व मलेरिया के मरीज बढ़े हैं, जबकि रामनगर, बहेड़ी और फरीदपुर में सामान्य बनी हुई है। इन सब के बावजूद क्षेत्रों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। इसके चलते सुधार की गति बेहद धीमी बनी हुई है।
मझगवां सीएचसी पर जनवरी माह से अब तक पांच हजार से अधिक ब्लड सैंपल लेकर जांच की गई। इसमें पीबी के करीब 200 एवं पीएफ के सात रोगी मिले हैं। बाकी रोगी वायरल फीवर एवं साधारण बुखार के मिले। मलेरिया के सबसे अधिक रोगी गांव नौहारा हसनपुर में 26 मिले हैं। प्रहलादपुर में 10, इस्माइलपुर में 17, नूरपुर बुजुर्ग में 16, मझगवां में 19, तिगाईदत्त नगर में 10, कुंडरिया खुर्द में 6 मरीज मिले हैं।
पिछले दिनों सीएमओ ने जताई थी नाराजगी
पिछले दिनों सीएमओ ने मलेरिया प्रभावित गांव नौहारा हसनपुर, बेहटा बुजुर्ग, प्रहलादपुर का दौरा किया था। गांव में गंदगी देख सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर सवाल उठाते हुए प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही थी। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी का इन गांवों में दौरा प्रस्तावित था, जो बाद में निरस्त हो गया। मझगवां ब्लॉक क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान खानापूरी कर चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मच्छर न पनपने पाए। इसके लिए एंटी लार्वा का छिड़काव, फाॅगिंग, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, छटाई, तालाब की सफाई, जलभराव का निस्तारण सहित अन्य कार्यों को प्रभावी ढंग से कराया जाना था, लेकिन गांवों में धरातल की तुलना में कागजों में अधिक काम हुआ। संवाद
रामनगर में देवकोला और आनंदपुर गांव ज्यादा प्रभावित
रामनगर। रामनगर पीएचसी में सोमवार को दस मरीज मलेरिया पीड़ित मिले, जिसमें देवकोला और आनंदपुर गांव के ज्यादा लोग प्रभावित रहे। चिकित्सा प्रभारी डाॅ. सुनील कुमार ने बताया कि पहले की अपेक्षा अभी चार-पांच दिन से मरीजों की संख्या बढ़ी है। अभी 150 से 160 मरीज रोज आ रहे हैं। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य कैंप लगवाए जा रहे हैं।
बहेड़ी और फरीदपुर में कम केस मिले
बहेड़ी/फरीदपुर। बहेड़ी और फरीदपुर सीएचसी में कम केस मिले। बहेड़ी सीएचसी प्रभारी डाॅ. अमित कुमार ने बताया कि मरीजों की संख्या 15 थी, जो अब स्थिर है। उन्होंने कहा कि संचारी रोग अभियान जारी है। वहीं, दूसरी ओर भुढ़िया कॉलोनी, पचपेड़ा, हसनपुर, भीकमपुर, नंदेली गांव के ग्रामीणों ने कहा कि उनके यहां साफ-सफाई और दवाई का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इधर, फरीदपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम ने बताया कि फरीदपुर ग्रामीण क्षेत्र में मलेरिया के केस इस वर्ष बहुत ही कम निकले हैं। संवाद
जगह-जगह फॉगिंग, स्प्रे, साफ-सफाई आदि कार्य कराया जा रहा है। कहीं यह कार्य नहीं हो रहा है तो इसे दिखवाया जाएगा।
-डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ