दानिश सईद (संवाद)
बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल सुविधाओं और प्रशिक्षकों की कमी से जूझ रहे खिलाड़ियों के लिए राहत भरी खबर है। रामगंगानगर आवासीय योजना में करीब 17 करोड़ की लागत से मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनकर तैयार हो गया है। दो माह बाद इसके हस्तांतरण की तैयारी है। फिर इसका संचालन शुरू हो जाएगा। यह कॉम्पलेक्स 18,615 वर्गमीटर भूखंड पर बना है। इसमें खिलाड़ियों और कोच के लिए छह कक्ष, तीन हॉल व एक वीआईपी कक्ष है। बीडीए के अधिकारियों की माने तो कॉम्प्लेक्स के मुख्य हॉल में सात में से पांच गर्डर रखे जा चुके हैं। सिर्फ दो गर्डर रखे जाने बाकी हैं। इसके बाद स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बीडीए के अधिकारियों के मुताबिक, इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के संचालन व अनुरक्षण का काम खेलों से जुड़ी किसी निजी संस्था को दिया जाएगा। इसमें सिर्फ रामगंगानगर आवासीय योजना ही नहीं, बल्कि जिलेभर के खिलाड़ियों को अपना कौशल निखारने का अवसर मिलेगा। यहां खिलाड़ियों को कोच से लेकर अन्य खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। पंजीकरण करवाकर खिलाड़ी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
ये सुविधाएं होंगी मौजूद
860.61 वर्गमीटर का मल्टीपरपज इनडोर हॉल, टेबल टेनिस कोर्ट, स्क्वैश कोर्ट, जिम, बॉक्सिंग रिंग, लॉन टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबाल कोर्ट, क्रिकेट प्रैक्टिस पिच।
वर्जन
दो माह में स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का काम पूरा कर खेलों से जुड़ी निजी संस्था को संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। यहां पंजीकरण करवाकर खिलाड़ी प्रशिक्षण ले सकेंगे। - एपीएन सिंह, एक्सईएन, बीडीए