बरेली। शहर में खेल की बारीकियां सीखने वालीं शाहजहांपुर की टेनिस खिलाड़ी महिका खन्ना ने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) $15K महिला टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। गुरुग्राम में 15 से 21 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में महिका ने एकल श्रेणी के क्वालिफाइंग राउंड में लगातार तीन जीत हासिल कर मेन ड्रॉ तक का सफर तय किया और सोहिनी संग युगल में उपविजेता बनीं।
महिका ने एकल क्वालिफाइंग के पहले राउंड में रिया सचदेवा को 4-6, 6-4, (10-7) से पराजित किया। इसके बाद दूसरे राउंड में चेविका रेड्डी को कड़े संघर्ष में 7-6 (7-3), 7-5 से मात दी। फाइनल क्वालिफाइंग में श्रव्या शिवानी (रिटायर्ड हर्ट) के खिलाफ बढ़त बनाते हुए 5-3 के स्कोर पर जीत हासिल की। इस तरह महिका ने तीनों मुकाबले जीतकर मेन ड्रॉ में अपनी जगह पक्की की।
मेन ड्रॉ के पहले ही राउंड में महिका का सामना मजबूत खिलाड़ी ईवा मैरी से हुआ। पहला सेट 1-6 से गंवाने के बाद उन्होंने दूसरे सेट में बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन 5-7 से मुकाबला हार गईं। संवाद
युगल में बनीं उपविजेता
युगल वर्ग में महिका ने सोहिनी के साथ जोड़ी बनाई और शानदार प्रदर्शन किया। पहले राउंड में उन्होंने आक्रुति-साहिरा की जोड़ी को 6-1, 7-6 (6-3) से हराया। क्वार्टर फाइनल में महिका-सोहिनी ने टूर्नामेंट की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी पाओला लोपेज और कोरलैन डेलौने को 7-6 (8-6), 4-6, 10-6 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। सेमीफाइनल में एलेना जमशिदी और मारिया मिखाइलोवा की जोड़ी को 6-3, 6-3 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में हालांकि उन्हें श्रव्या-प्रांजला की जोड़ी के खिलाफ 4-6, 0-6 से हार का सामना करना पड़ा और वह उपविजेता रहीं।