बरेली। महाशिवरात्रि के मद्देनजर शहर में शनिवार रात नौ बजे से रविवार रात नौ बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। 24 घंटे तक रोडवेज बसें और भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। कुछ इलाकों में चार पहिया वाहन और ऑटो, ई-रिक्शा का प्रवेश भी प्रतिबंधित किया गया है। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि नौ मंदिरों के आसपास के इलाकों में अतिरिक्त फोर्स को लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि रविवार रात नौ बजे तक दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसें जिनको बदायूं की ओर जाना है वह झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास, नवदिया झादा से फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी से दातागंज, देवचरा, भमोरा होते हुए जा सकेंगे।लखनऊ की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, रजऊ परसपुर तिराहा होते हुए बड़ा बाइपास से जा सकेगें।
बदायूं की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिनको बरेली आना है वह भमोरा से देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी से रजऊ परसपुर तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेगें। दिल्ली जाने वाले वाहन बड़ा बाइपास से पास किए जाएंगे।
बदायूं व लखनऊ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें रजऊ परसपुर तिराहा से सेटेलाइट बस अड्डा तक आ सकेंगी। दिल्ली की ओर से आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाइपास से इज्जतनगर, डेलापीर, सौ फुटा पूर्वी से सेटेलाइट बस अड्डा जा सकेंगी।
कुदेशिया अंडरपास से अलखनाथ मंदिर की ओर कोई भी चार पहिया वाहन, ऑटो व रिक्शा आदि नहीं जा सकेंगे।