प्रयागराज एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में संगम स्नान करने के लिए अनुमान से ज्यादा यात्री निकले। नियमित समेत 14 महाकुंभ विशेष ट्रेनें पहले से फुल हैं। इनमें कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी आने-आने वाली नियमित ट्रेनों में रेलवे ने अतिरिक्त कोच भी लगाए हैं। इसके बाद भी कन्फर्म टिकट को लेकर मारामारी है। ऐसे में रेलवे फरवरी को बरेली होते हुए प्रयागराज के लिए 16 फेरों के लिए आठ विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा।
महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के बाद तीन फरवरी को बसंत पंचमी, 13 फरवरी को माघ पूर्णिमा और 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर अमृत स्नान हैं। इन दिनों से ट्रेनों और बसों में सर्वाधिक भीड़ है। बरेली होते हुए प्रयागराज जाने-आने वाली नियमित ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। विशेष ट्रेनें भी फुल हैं। ऐसे में रेलवे ने मंगलवार को आठ महाकुंभ विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। इसके बाद काफी संख्या में यात्रियों को इन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिल सकेगा।