महाकुंभ के दौरान प्रयागराज तक चलाई जाएगी पद्मावत एक्सप्रेस
दिल्ली-मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़ जंक्शन के बीच चलने वाली 14207/08 पद्मावत एक्सप्रेस को महाकुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रयागराज संगम तक चलाया जाएगा। ट्रेन में चार जनरल कोच भी बढ़ाए जाएंगे। इसके साथ ही, बरेली होते हुए प्रयागराज तक जाने वाली आठ अन्य ट्रेनों में भी जनरल कोचों की संख्या बढ़ाई गई है।
पद्मावत एक्सप्रेस दिल्ली से चलने के बाद बरेली होते हुए मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़ जंक्शन तक जाएगी। वहां ठहराव लेने के बाद प्रयागराज तक की यात्रा पूरी करेगी। वहां से वापस मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़ जंक्शन आकर वाशिंग लाइन पर धुलाई के बाद दिल्ली के लिए चलेगी। महाकुंभ के दौरान इस ट्रेन के प्रयागराज तक विस्तार से दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी के श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी।