बरेली से लखनऊ के बीच फरीदपुर, खैराबाद व इटौंजा में टोल टैक्स देना पड़ता है। अब मैगलगंज टोल प्लाजा भी बनकर तैयार है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने यहां टोल की दरें भी तय कर दी हैं। आने वाले दिनों में अपनी कार और रोजवेज की बस से लखनऊ का सफर और महंगा हो जाएगा। मैगलगंज में एक तरफ से 130 रुपये और आने-जाने के लिए 190 रुपये टोल टैक्स चुकाना होगा।
बरेली से लखनऊ की दूरी 256 किलोमीटर है। पहला टोल फरीदपुर में है, जहां कार के लिए एक ओर के 130 तो दोनों ओर के 195 रुपये लगते हैं। लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज में नवनिर्मित टोल प्लाजा पर एक ओर के 130 तो दोनों ओर के 190 रुपये चुकाने होंगे। इसके बाद सीतापुर के खैराबाद में 45 रुपये और लखनऊ के करीब इटौंजा में एक ओर के 55 रुपये व्यय होते हैं। इस तरह अब एक ओर का टोल खर्च 360 रुपये आएगा।
निजी कंपनी वसूल करेगी टोल
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने ई-टेंडर के माध्यम से हरियाणा के गुरुग्राम स्थित स्काईलार्क इंफ्रा को टेंडर दिया है। कंपनी ने 27.44 लाख रुपये प्रतिदिन जमा करने का अनुबंध किया है। इसी महीने मैगलगंज टोल चालू हो जाएगा।