खुटार। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे से 11 बजे तक कस्बे में घूम रहे एक पागल कुत्ते ने करीब एक दर्जन लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को सरकारी अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई।
बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे मोहल्ला सरोजनी नगर निवासी अतुल गुप्ता को पागल कुत्ते ने काट लिया। शोर मचाने पर राहगीरों ने बमुश्किल कुत्ते को भगाकर उन्हें बचाया। इस दौरान करीब एक दर्जन लोगों को पागल कुत्ते ने शिकार बनाया। पागल कुत्ते को पकड़ा नहीं जा सका है। नगर में पागल कुत्ते के घूमने की सूचना फैली तो लोगों में दहशत फैल गई। घायलों के परिजन ने वन विभाग और नगर पंचायत के ईओ से पागल कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है।
पागल कुत्ते ने इन्हें भी किया घायल
मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी निवासी छंगालाल की आठ वर्षीय पुत्री मुस्कान, अनीश कुमार, माजिद अली, रामकिशन, गणेश, अल्फाज, प्रेमशंकर, जितेंद्र और गांव कढ़ैया निवासी राजकुमार के दो वर्षीय पुत्र प्रतीक, मठोकर निवासी शंकरलाल, गांव लुकटाह निवासी मुलानी की सात वर्षीय पुत्री रजनी।
महीने भर पहले पागल कुत्ते ने 100 लोगों पर किया हमला
दिसंबर में खुटार में पागल कुत्ते ने करीब 100 लोगों को काटकर घायल कर दिया था। तीन दिन तक आतंक मचाने के बाद कुत्ते को घेर कर मारा गया था।
मांसभक्षी पशुओं में रैबीज होता है, यह सुषुप्तावस्था में रहता है और लार में नहीं आता है, लेकिन रैबीज की अधिकता होने पर यह पशु के दिमाग तक पहुंच जाता है, जिस कारण पशु पागल हो जाता है। रैबीज कुत्ते के अलावा बंदर, नेवला सहित तमाम प्रकार के पशुओं में पाया जाता है। - डॉ. विनोद कुमार, डिप्टी सीवीओ पुवायां
बृहस्पतिवार सुबह कुत्ते के काटने से घायल हुए कई लोगों को अस्पताल लाया गया था। सभी को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। - डॉ. संजीव कुमार, प्रभारी पीएचसी खुटार