बरेली। 15 अगस्त से पहले ही शहर के लोगों पर देश भक्ति का रंग चढ़ने लगा हैं। अमर उजाला की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम मां तुझे प्रणाम से उद्यमी भी जुड़ गए हैं। रविवार को अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद बैठक में उद्यमियों ने 12, 14, 15 को होने वाले कार्यक्रम में प्रतिभाग करने व अन्य लोगों को जोड़ने पर सहमति जताई।
अमर उजाला स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाता चला आया है। इस बार भी तीन दिवसीय कार्यक्रम में शहरवासी अमर उजाला के साथ मिलकर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे। कार्यक्रम में जन-जन की सहभागिता हो इसके लिए उद्यमी भी अन्य लोगों को कार्यक्रम के लिए जागरूक करेंगे साथ ही अपने संगठन के लोगों को अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। उद्यमी की ओर से वॉक फॉर यूनिटी और तिरंगा यात्रा रैली पर पुष्प वर्षा की जाएगी, साथ ही रैली के साथ चल रहे स्कूली बच्चों को जलपान वितरण किया जाएगा।
वाहन रैली में भी उद्यमी संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे और रैली में देश भक्ति व समरसता का संदेश देंगे। वॉक फॉर यूनिटी का आयोजन 12 अगस्त की सुबह सात बजे से डीडी पुरम स्थित शहीद चौक से होगा, जो शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, सलोनी तिराहा होते हुए वापस शहीद चौक पर संपन्न होगी। 14 अगस्त को निकलने वाली तिरंगा यात्रा (वाहन रैली) बरेली क्लब से सुबह आठ बजे शुरू होकर गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, पटेल चौक, महादेव फ्लाई ओवर, धर्मकांटा चौराहा, सेलेक्शन प्वॉइंट चौराहा, शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, केके हॉस्पिटल, आदिनाथ चौराहा, श्यामगंज होते हुए बरेली कॉलेज मैदान पर संपन्न होगी। स्वतंत्रता दिवस के दिन गांधी उद्यान में ध्वजारोहण और शहर के चौराहों पर सुबह ठीक 10 बजे सामूहिक राष्ट्रगान होगा। संवाद
इनकी रही मौजूदगी
- इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन से तनुज भसीन, राजीव आनंद, ऋषभ दीक्षित, आशीष गुप्ता
- सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री से राजेश गुप्ता
- लघु उद्योग भारती से उन्मुक्त संभव शील, आशुतोष शर्मा, महादेव खंडेलवाल
- आईसीएआई से सीए मनोज माहेश्वरी, सीए अखिलेश गुप्ता, सीए अरविंद सिंह, सीए ऋषि पुरी
- रोहिलखंड मैनेजमेंट एसोसिएशन से डॉ. मनीष शर्मा
- जिला कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन से दुर्गेश खटवानी, मुकेश खटवानी
- बरेली रिटेल कैमिस्ट एसोसिएशन से विजय श्रीवास्तव, मोहित पांडेय
- बरेली सराफा एसोसिएशन से दिनेश अग्रवाल, राजीव रस्तोगी