फतेहगंज पूर्वी से मीरानपुर कटरा तक पांच किलोमीटर जाम, देर रात तक हाईवे पर रेंगते रहे वाहन
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर रविवार दोपहर हुलासनगरा क्रॉसिंग के दोनों ओर कई वाहन खराब होने की वजह से मीरानपुर कटरा से फतेहगंज पूर्वी तक पांच किलोमीटर तक तीन घंटे जाम लगा रहा। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया, लेकिन देर रात तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।
बरेली से लखनऊ जा रही रोडवेज बस रविवार दोपहर हुलासनगरा क्रॉसिंग से पहले निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास खराब हो गई। इस दौरान एक लेन से वाहन निकलते रहे, लेकिन इसी बीच क्रॉसिंग के दूसरी ओर मीरानपुर कटरा की तरफ भी एक ट्रक खराब हो गया। इस वजह से जाम लगना शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में मीरानपुर कटरा की ओर तीन और फतेहगंज पूर्वी की तरफ दो किलोमीटर तक पहुंच गया। हुलासनगरा चौकी पुलिस ने खराब वाहनों को एक साइड करवाया तो वाहनों ने रेंगना शुरू किया, लेकिन शाम को कई ट्रेनें गुजारने की वजह से क्रॉसिंग को बार बार बंद करना पड़ा, जिससे जाम भीषण हो गया। इस बीच शाहजहांपुर से बरेली की ओर भूसी लादकर आ रहा ट्रक क्रॉसिंग के ओवरहाईट गेज बैरियर में फंस गया। ट्रक की तिरपाल फटने से भूसी सड़क पर फैल गई। पुलिस ने ट्रक को क्रॉसिंग से निकलवाकर रास्ता साफ कराया।
उधर लखनऊ हाइवे पर जाम के कारण लिंक रोड जैतीपुर से बदायूं की ओर जा रहा ट्रक पुलिया में धंस गया, जिससे ट्रक पलटने से बचा। ट्रक ड्राइवर दलजीत ने बताया कि जाम के कारण वह इस रास्ते से आया था, लेकिन यहां आकर फंस गया। इस वजह से इस मार्ग पर भी जाम लग गया। देर रात तक ट्रक इस मार्ग से नहीं हट पाया।