गैस एजेंसी मालिक, मैनेजर और वेंडर समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा
बरेली। होली के मौके पर शहर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। कच्ची शराब बनाने के लिए एलपीजी सिलिंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस के साथ सप्लाई विभाग की टीम ने कैंट क्षेत्र के एक घर में छापा मारकर 49 एलपीजी सिलिंडर बरामद किए। तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पूर्ति निरीक्षक की तरफ से गैस एजेंसी मालिक, मैनेजर और मकान मालिक समेत पांच के खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कैंट के गांव इचौरिया में पूर्ति निरीक्षक पशुपति देव ने रविवार रात पुलिस टीम के साथ धर्मपाल के घर पर छापा मारा। घर में अवैध तरीके से एलपीजी सिलिंडरों का स्टॉक मिला। पुलिस ने मौके से 47 घरेलू गैस सिलिंडर और दो पांच किलो वाले सिलिंडर बरामद किए। पूर्ति निरीक्षक के मुताबिक, धर्मपाल और इलाके के ही अमरपाल क्षेत्र के गांव पालपुर कमालपुर स्थित फुटहा महावीर इंडेन गैस एजेंसी से सिलिंडर लाकर उनका अवैध कारोबार करते हैं। यह सिलिंडर एजेंसी का वेंडर पालपुर कमालपुर निवासी तनुज कुमार उपलब्ध कराता है। इसमें एजेंसी की मालकिन कुसुम मिश्रा और मैनेजर पुष्पेंद्र की भी मिलीभगत है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धर्मपाल, अमरपाल और वेंडर तनुज को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, होली के मौके पर इन सिलिंडरों की ब्लैक की जानी थी। इनमें ज्यादातर अवैध शराब की भट्ठियों पर सप्लाई किए जाने थे।