बरेली के जहानाबाद थाना क्षेत्र के उगनपुर गांव निवासी प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर जामुन के पेड़ पर एक ही रस्सी से बने दो फंदों पर लटके मिले। दोनों के परिजनों ने एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताते चले कि उगनपुर गांव के धन सिंह का 24 वर्षीय पुत्र और प्रताप सिंह की 22 वर्षीय पुत्री जमुना देवी एक-दूसरे से काफी समय से प्यार करते थे। दोनों के परिजनों ने इस प्रेम-प्रसंग की बात को स्वीकार किया और यह भी बताया कि शुक्रवार को दोनों के परिवार वालों के बीच पंचायत भी हुई थी। दोनों एक ही जाति के थे, इसलिए परिजनों ने दोनों की शादी कराने की बात पर अपनी सहमति भी जताई थी। लेकिन प्रेमी युगल बृहस्पतिवार को ही परिजनों से बिना बताए ही घर से निकल गए थे। हालांकि पहले से ही दोनों घर से निकल गए थे और अब घर से कुछ ही दूरी पर फांसी के फंदे पर लटके मिले। इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है।
शव मिलने के बाद दोनों के परिजन एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सूचना मिलने पर एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ योगेंद्र कुमार, एसडीएम सौरभ दुबे समेत कई अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी एकत्रित की। पुलिस ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जिसकी जांच की जा रही है।