बरेली। रेल मंत्री सुरेश प्रभु गुरुवार को संसद में रेल बजट पेश करेंगे। इस बजट में उनसे बरेली को काफी उम्मीदें हैं, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और आवंला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप का दावा है कि रेल मंत्री से बहुत कुछ मांगा है। यहां के लोगों ने भी सुझाव भेजे हैं। बरेली दौरे के समय रेल मंत्री सुरेश प्रभु और राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने वादा भी किया था। उन दिनों संकेत दिए थे कि अप्रैल के बाद रेलवे की ओर से यहां की जनता को बहुत कुछ मिलेगा। उनके वादे का गुरुवार को दिल्ली की संसद में पिटारा खुलने जा रहा है।
लाल फाटक पर ओवर ब्रिज बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की थी। उन्होंने इसके लिए धनराशि भी रिलीज की लेकिन रेलवे के हिस्से में पुल बनाने की मंजूरी रेल मंत्रालय को देनी है। इस बारे में प्रदेश सरकार और कमिश्नर की ओर से रेलवे को कई बार लिखा भी गया था। इसके लिए केंद्रीय मंत्री और सांसद भी प्रयास कर रहे हैं।
ये हैं उम्मीदें
-लाल फाटक पर बदायूं रोड की ओर से बरेली आने के लिए ओवर ब्रिज का निर्माण
-आईवीआईआर पर फ्लाई ओवर
-बरेली से कासगंज रूट पर मुंबई, जयपुर, अजमेर, हैदराबाद, चेन्नई के लिए नई ट्रेनों की सौगात
-शहामतगंज में रेलवे की खाली पड़ी तीन लाख वर्गमीटर भूमि पर कामर्शियल काम्पलेक्स और फ्लैट का निर्माण