बदायूं। सोमवार को दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के मैनेजर से 13.50 लाख रुपये लूट लिए। मैनेजर बैग में रुपये रखकर स्कूटी से भारतीय स्टेट बैंक जा रहे थे, तभी रास्ते में पटियाली सराय मोहल्ले में दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके ऊपर मिर्च पाउडर फेंक दिया। मिर्च आंखों में नहीं पड़ी तो बदमाश तमंचा दिखाकर रुपये लूट ले गए। इसकी सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। दोपहर मेें डीआईजी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
उझानी कस्बा निवासी नरेंद्र सिंह सिविल लाइंस क्षेत्र के एनएमएसएन दास कॉलेज के सामने स्थित पंजाब पेट्रोल पंप के मैनेजर हैं। नरेंद्र सिंह रोज की तरह सोमवार सुबह करीब दस बजे अपने बैग में 13.50 लाख रुपये लेकर भारतीय स्टेट बैंक जोगीपुरा जा रहे थे। रुपयों का थैला उनकी स्कूटी पर लटका था। जैसे ही नरेंद्र सिंह स्कूटी लेकर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटियाली सराय में पूरन हलवाई की दुकान के नजदीक पहुंचे कि कुछ ही दूरी पर दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके चेहरे की ओर मिर्च पाउडर फेंका लेकिन नरेंद्र सिंह अपना चेहरा घुमा गए। इससे उनकी आंखों में मिर्च पाउडर नहीं पड़ सका। नाकामयाब हुए बदमाशों ने तुरंत तमंचा निकाल लिया और उसे दिखाकर उनसे रुपयों से भरा थैला लूट लिया और अंदर शहर की ओर भाग गए। बताते हैं कि दोनों बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे थे और पहले से ही वहां खड़े थे।
इधर, दिनदहाड़े हुई वारदात से शहर में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ उझानी विनय कुमार द्विवेदी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोपहर बाद डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। उन्होंने पंप मैनेजर से जानकारी ली और कार्रवाई के आदेश दिए।