पोस्टर, बैनर-होर्डिंग हटाए गए
लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। नगर निगम की टीम ने शहर में लगे राजनीतिक दलों के झंडे-बैनर व पोस्टर आदि हटाने शुरू कर दिए। शाम पांच बजे कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ अभियान देर रात तक जारी रहा।
राजनीतिक दलों को पढ़ाया आचार संहिता का पाठ
आदर्श आचार संहिता लागू होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को नियमों की जानकारी देते हुए उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दल चुनाव आयोग के निर्देशों का अध्ययन कर लें। उम्मीदवारों के लिए रैली, जनसभा आदि की अनुमति के लिए आयोग द्वारा तय की गई ऑनलाइन व्यवस्था के बारे में बताया। सी विजिल, ई-सुविधा पोर्टल, नो योर कैंडिडेट एप, इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम व अन्य जानकारियां दी।
आपराधिक छवि के उम्मीदवारों को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चुनाव आयोग के नियमानुसार प्रकाशित-प्रसारित कराने के लिए कहा। साथ ही, पोस्टर, पंफलेट, होर्डिंग छपवाने में प्रिंटर और पब्लिशर का नाम, प्रतियों की संख्या दर्ज करने के लिए कहा। बैठक में एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, सीडीओ जग प्रवेश, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह समेत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।