अलीगढ़ से बदायूं पहुंचा है टिड्डी दल, कृषि विभाग ने बढ़ाई निगरानी
बरेली। अलीगढ़ में कहर बरपाने के बाद टिड्डी दल अब बदायूं पहुंच गया है। बदायूं के कुछ हिस्सों में किसानों ने इस दल को उड़ते देखा है, जिसके बाद अब बरेली में खतरा बढ़ गया है। कृषि विभाग ने सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। इससे अब किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। हालांकि कृषि विभाग का कहना है कि बरेली में टिड्डी दल के पहुंचने की संभावना बहुत कम है।
कृषि रक्षा अधिकारी अर्चना वर्मा ने बताया कि जिले के किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। टिड्डी दल के बरेली पहुंचने की आशंका काफी कम है। बताते हैं कि शाम तक टिड्डी दल बदायूं से फर्रुखाबाद जिले की ओर निकल गया है, लेकिन विभाग के पास इससे निबटने की पूरी तैयारी है। इसलिए किसानों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं। कहा कि बदायूं जनपद की सीमा से सटे ब्लाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा किसानों को इसे लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। बता दें टिड्डी दल ने देश-प्रदेश के कई हिस्सों के फसलों में तबाही मचाई है। कई फसलों को यह दल ऐसे ही चट कर गए हैं। यह दल पाकिस्तान से राजस्थान के रास्ते आया था।