हाफिजगंज में छह माह पूर्व हुआ था तैयार, नहीं चलने से जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर
हाफिजगंज। कस्बे में छह माह पूर्व लगभग सात लाख की लागत से बने आरआरसी (कूड़ा निस्तारण केंद्र) पर ताला लटका है। कूड़ा उठाने के लिए ई-रिक्शा की खरीद नहीं हो पाई है। इससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। वहीं, दूसरी ओर जगह-जगह लगे कूड़ेदानों में कचरे भर गए हैं, जिसे अब तक नहीं उठाया गया है।
लोगों ने बताया कि कस्बे में गंदगी को खत्म करने के लिए ग्राम निधी से बड़े बिजली उपकेंद्र वाले रास्ते पर लगभग सात लाख की लागत से आरआरसी सेंटर बनाया गया। उसके साथ-साथ जगह-जगह कूड़ा डालने के लिए सीमेंट के डिब्बे बना दिए गए। इनमें कूड़ा डालना तो शुरू उसी समय से हो गया, लेकिन इस कूड़ा के उठान न होने से यहां दुर्गंध बनी रहती है। इसके अलावा आरआरसी में बिजली कनेक्शन भी नहीं कराया गया गया है। ग्राम प्रधान निदा अंसारी के पति कलीम आजाद ने बताया कि ई-रिक्शा आदि के लिए बजट न आने के कारण काम अटका है। बजट आने पर ई-रिक्शा आदि की खरीद होगी।
गंदगी से 15 हजार की आबादी प्रभावित
हाफिजगंज में पहले दो सफाई कर्मचारी हुआ करते थे, लेकिन एक के स्थानांतरण होने के बाद अब एक ही सफाई कर्मचारी बचा है, जिसके ऊपर 15 हजार आबादी वाले हाफिजगंज की सफाई का जिम्मा है। मयंक गुप्ता, आलोक गुप्ता, जितेंद्र गंगवार, मोहित मिश्रा आदि ने गांव में बने आरआरसी को जल्द चालू कराने एवं सफाई व्यवस्था को सुचारू कराने की मांग की है। संवाद
मामले में जानकारी नहीं है। जानकारी करके आरआरसी को चालू करवाया जाएगा।
ओमप्रकाश, बीडीओ, नवाबगंज
हाफिजगंज मे छह माह पूर्व बने एमआरआरएफ सेंटर बंद पडा हुआ