हंगामा होने की आशंका के चलते दो बटालियन पीएसी तैनात रहेगी
बरेली। विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार से बरेली कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा शुरू हो रही है, जो 26 मार्च तक चलेगी। पिछले वर्षों में लॉ की परीक्षा के दौरान हुए हंगामे को देखते हुए इस बार विश्वविद्यालय के निर्देश पर कॉलेज प्रशासन ने पीएसी तैनात करने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को सुबह नौ से दोपहर बारह बजे तक लॉ की परीक्षा होगी। दो दिन पहले ही विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कड़ाई से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, बीते सालों में हुए हंगामे की रोकथाम के लिए जरूरत के मुताबिक पीएसी तैनात करने को कहा गया। निर्देश के तहत प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन ने प्रशासन को पत्र लिखकर परीक्षा के दौरान दो बटालियन पीएसी की तैनाती की मांग की है। उन्होंने बताया कि बीते सालों में लॉ की परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। परीक्षा स्थगित करनी पड़ी और कुछ परीक्षार्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी हुई थी। जिसे देखते हुए अबकी व्यवस्थाओं में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।
नकलचियों पर कार्रवाई
विश्वविद्यालय ने दिसंबर में हुई लॉ की सेमेस्टर परीक्षा में नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। 42 नकलची में 14 के सत्र को शून्य करार दिया। अन्य पर अर्थदंड लगाया है। साथ ही, भविष्य में किसी तरह की अनियमितता करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एलएलबी, बीबीए की 20 और 25 मार्च की परीक्षा स्थगित, नया शेड्यूल जारी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 20 और 25 मार्च को होने वाली एलएलबी, बीबीए और एमएसडब्ल्यू की सेमेस्टर परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी हैं। नए शेड्यूल के तहत 20 मार्च की प्रथम और द्वितीय पाली में होने वाली बीबीए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं अब सात अप्रैल को, प्रथम पाली में होने वाली एमएसडब्ल्यू प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा एक अप्रैल को, एलएलबी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा नौ अप्रैल को, 25 मार्च को प्रथम पाली में होने वाली एमएसडब्ल्यू की परीक्षा तीन अप्रैल को, बीबीए प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आठ अप्रैल को, द्वितीय पाली में होने वाली बीबीए प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आठ अप्रैल को, एलएलबी पंचम सेमेस्टर की परीक्षा दस अप्रैल को होगी। बदली गई परीक्षा पूर्व निर्धारित पाली और परीक्षा केंद्र में ही होगी। परीक्षा नियंत्रक ने सभी महाविद्यालयों को बदले परीक्षा कार्यक्रम को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं।