बरेली कॉलेज में रैगिंग की कोशिश के मामले को देखते हुए सख्ती
बरेली। बरेली कॉलेज में रैगिंग की कोशिश की घटना के बाद रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की कोई घटना न हो, इसके लिए एंटी रैगिंग स्क्वॉड तैयार किया जा रहा है। इस दस्ते में हर दिन अलग-अलग शिक्षक शामिल रहेंगे। वे विश्वविद्यालय परिसर में भ्रमण करके सीनियर स्टूडेंट्स की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
बरेली कॉलेज में कुछ दिन पहले एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की कक्षा में घुसकर कुछ सीनियर ने रैगिंग करने की कोशिश की थी। मामले की आरके गुप्ता के नेतृत्व में एंटी रैगिंग कमेटी जांच कर रही है। इधर, विश्वविद्यालय में भी कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। परिसर में छात्र-छात्राओं की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में रैगिंग की आशंका को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर जेएन मौर्य का कहना है कि रैगिंग की घटना को रोकने के लिए एंटी रैगिंग स्क्वॉड तैयार किया जा रहा है। इसमें हर दिन अलग-अलग शिक्षकों की ड्यूटी रहेगी। अगर किसी छात्र के साथ रैगिंग का मामला सामने आता है तो यह दस्ता त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम होगा।
इनसेट-
बरेली कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी आज लेगी फैसला
बरेली कॉलेज की एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की कक्षा में छात्रों के साथ रैगिंग की कोशिश के मामले में एंटी रैगिंग कमेटी सभी पक्षों के बयान दर्ज कर चुकी है। कमेटी ने अपनी जांच भी लगभग पूरी कर ली है। इस मामले में कार्रवाई तय करने के लिए कमेटी की शुक्रवार को बैठक बुलाई गई है। इस प्रकरण में फंसे एक छात्रनेता के कॉलेज आने पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग की घटनाएं रोकने के लिए सख्ती की जा रही है। एंटी रैगिंग स्क्वॉड जल्द ही सक्रिय हो जाएगा। - प्रोफेसर जेएन मौर्य, चीफ प्रॉक्टर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय