15 से ज्यादा उपकेंद्रों के फीडर हुए ब्रेक डाउन, परेशान हुए उपभोक्ता
बरेली। कई योजनाओं के तहत शहर में बिजली आपूर्ति बेहतर करने के लिए एक साल में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करने के बाद भी लाइनें बूंदाबांदी तक नहीं झेल सकीं। शुक्रवार को हुई बूंदाबांदी के बाद शनिवार शाम तक शहर के कई इलाकों में आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। जगह-जगह फॉल्ट, खंभे गिरने, ट्रांसफार्मर जलने और लोकल फॉल्ट के कारण उपभोक्ता परेशान हुए। लाइनें गीली होने के कारण शिकायतों का समाधान भी समय से नहीं हो सका।
बारिश के चलते शहर के 15 से ज्यादा उपकेंद्रों के फीडरों में फॉल्ट हुए। कुतुबखाना उपकेंद्र के तीन फीडर ब्रेक डाउन होने से शहर के बड़े हिस्से में पांच घंटे तक आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार रात टीपीनगर, रामगंगा नगर, न्यू सुपर सिटी, पवन विहार, बाइपास फीडर भी ब्रेक डाउन हो गए। इन फीडरों की आपूर्ति शनिवार शाम तक सामान्य नहीं हो सकी। ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।
जगतपुर उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर जलने के कारण आपूर्ति ठप हो गई। शाहदाना उपकेंद्र के इलाकों में मरम्मत के नाम पर कटौती की गई। टीपी नगर उपकेंद्र के इंसुलेटर भी जल गए। हरूनगला में गैस सिलिंडर फटने के कारण शनिवार को दोपहर के समय आपूर्ति बंद करनी पड़ी। कटरा चांद खां, महानगर, सिटी सब्जी मंडी, पंजाबपुरा, बिहारीपुर, चौपुला फीडर के इलाकों में भी फॉल्ट हुए।
शनिवार को छोटी बमनपुरी, जीजीआईसी रोड, कालीबाड़ी इलाकों में भी फॉल्ट के कारण आपूर्ति ठप रही। मिशन कंपाउंड, गंगापुर, रामपुर गार्डन, कृष्णा नगर, इज्जतनगर, स्टेडियम रोड, डेलापीर, कोहाड़ापीर, राजेंद्र नगर, डीडीपुरम में भी लोकल फॉल्ट के कारण ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। संवाद
शाहदाना में पांच ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई
शाहदाना उपकेंद्र से जुड़े शहर के इलाकों में अब ओवर लोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या कुछ कम हो जाएगी। इस उपकेंद्र पर पांच ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है। उपकेंद्र के यह ट्रांसफार्मर 250-250 केवी के थे अब क्षमता वृद्धि कर इनके स्थान पर 400-400 केवी के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। शनिवार को काम के कारण उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
खंभा गिरा, पुलिस ने बंद कराई बिजली आपूर्ति
डोहरा में बिजली के जर्जर खंभे को लेकर कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं किया। शुक्रवार को भी कई लोग शिकायत लेकर हरूनगला उपकेंद्र पहुंचे। आखिर शनिवार सुबह खंभा गिर गया। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। खंभा गिरने के बाद भी आपूर्ति चालू रही। सूचना मिलने के बाद बारादरी पुलिस ने उपकेंद्र पहुंचकर आपूर्ति बंद कराई। इस कारण डोहरा इलाकों में दिन भर समस्या बनी रही।