बरेली। जेई और एसडीई के साथ मिलकर बिजली के मीटरों में गड़बड़ी कर निगम को करोड़ों का चूना लगाने वाले संविदा लाइनमैन रोहताश शर्मा उर्फ लालकरन की संविदा सोमवार को छठें दिन समाप्त कर दी गई है। पांच दिन तक अधिकारियों ने आरोपी लाइनमैन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को जब विजिलेंस ने रिपोर्ट डीजी पावर कॉरपोरेशन सतर्कता और बिजली निगम मुख्यालय भेज दी। उसके बाद लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
फरीदपुर में लाइन पार पड़ेरा रोड मोहल्ला कानून गोयान में संविदा लाइनमैन रोहताश शर्मा उर्फ लालकरन के घर पर छापा मारकर विजिलेंस ने बुधवार को बिजली के 98 मीटर बरामद किए थे। मौके पर एक जेई भी मौजूद थे, जो विजिलेंस टीम को देखकर भाग गए। लाइनमैन के घर पर चार किलोवाट बिजली चोरी भी की जा रही थी। विजिलेंस ने उसके खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज की। सीओ विजिलेंस ने मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट मुख्यालय के साथ स्थानीय अधिकारियों को भी भेज दी गई है। प्रारंभिक जांच में जेई और एसडीई के नाम भी सामने आए हैं। मामले में अब विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान द्वितीय खंड में 2019 से 2024 तक तैनात रहे अधिकारियों के नाम भी जुटाए जाएंगे। मुख्य अभियंता ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि लाइनमैन की संविदा समाप्त कर दी गई है। इसकी विभागीय जांच अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय हरीश कुमार को सौंपी गई है। संवाद