दिवाली कल है। माना जाता है कि दिवाली की रात माता लक्ष्मी सिर्फ उन घरों में ही जाती हैं जहां साफ.-सफाई होती है। इसीलिए लोग दिवाली से पहले अपने घरों की साफ.-सफाई करते हैं। इसके अलावा लोग दिवाली से पहले अपने घरों की रंगाई पुताई भी करवाते हैं। इसके साथ-साथ वास्तु शास्त्र के मुताबिक कुछ ऐसे उपाय भी हैं जिनको करके आप मां लक्ष्मी की कृपा पा सकते हैं।
पंडित प्रदीप कुमार चौबे कहते हैं कि देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए घर के प्रवेश द्वार पर रंगोली बनाएं। ध्यान रहे इस रंगोली का अर्थ रंगोली के बने बनाए आने वाले स्टीकर से नहीं है, बल्कि चावल, बालू और रंगीन पाउडर से बनी रंगोली से है। माता लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर के मुख्यद्वार को फूलों या पत्तियों से सजाएं। साथ ही गेट के दोनों ओर केले का एक-एक पत्ता लगाएं। घर की चारदीवारी पर चार दीयों को एक साथ रखें। ये दीये माता लक्ष्मी, गणेश, कुबेर और इंद्र के प्रतीक होते हैं। पूजा के दौरान धूपबत्ती या अगरबत्ती का उपयोग पूजन का खास हिस्सा होता है, लेकिन दिवाली की पूजा करते समय अगर चंदन अथवा गुलाब की सुगंध वाली धूपबत्ती या अगरबत्ती का प्रयोग करें तो अच्छा रहेगा। पंडित चौबे के मुताबिक दिवाली पर अलग-अलग तरह के उपहार देने की परंपरा काफी पुरानी है। इस दिन पूजा के बाद प्रसाद और मिठाई देना सर्वाधिक शुभ माना जाता है, लेकिन ध्यान रहे गिफ्ट में चाकू या चमड़े का बना सामान ना दें। साथ ही काले कपड़े भी भेंट ना करें।