चेकिंग टीम से गांव वालों ने मांगी आईडी, कैंट थाने ले जाते वक्त हुए फरार
ग्रामीणों का आरोप, घर में अकेली एक महिला से ठग ले गए दो हजार रुपये
बरेली। बिजली चेकिंग के नाम पर उगाही करने पहुंची एक फर्जी टीम में मौजूद लोग गांव वालों के मांगने पर आई कार्ड नहीं दिखा सके तो लोग उनसे भिड़ गए। खुद को फंसता देख एक ठग ने फोन पर विभाग के एक अधिकारी से एक व्यक्ति की बात भी कराई, लेकिन लोग नहीं माने। नौबत मारपीट की आई तो कुछ लोगों ने उन्हें कैंट थाने ले चलने को कहा। फर्जी टीम के लोग बीच रास्ते से ही भाग निकले। गांव वालों ने इसकी सूचना कैट थाना पुलिस को भी दी। ग्रामीणों ने एक महिला से दो हजार रुपये ठग ले जाने की बात पुलिस को बताई है।
कैंट क्षेत्र के गांव ठिरिया निजावत खां में शनिवार की सुबह चार व्यक्ति एक टीम बनाकर बिजली चेकिंग करने पहुंचे। कुछ लोगों ने तो उन्हें अपने घर के बिजली मीटर व कनेक्शन के अन्य कागजात भी दिखाए, लेकिन एक व्यक्ति उनसे आईडी दिखाने को लेकर भिड़ गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
टीम के लोग आईडी तो नहीं दिखा सके लेकिन विभाग के एक अधिकारी से उन्होंने एक व्यक्ति की बात कराई, हालांकि गांव के लोग फिर भी संतुष्ट नहीं हुए। गालीगलौज के बाद नौबत मारपीट तक पहुंची तो कैंट थाने चलकर मामला निपटाने की बात की गई। थाने जाते वक्त रास्ते में ही चारों लोग हाथापाई करके भाग निकले। लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन पकड़ नहीं पाए। गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि घर में अकेली महिला से कनेक्शन के कागजात गलत होने के नाम पर ठग दो हजार रुपये मांग रहे थे। इस पर उनसे रसीद देने के साथ ही आईडी दिखाने की भी बात की गई थी।