बरेली/आंवला। करंट लगने से एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया और दो लोगों की जान चली गईं, लेकिन देर रात तक विभागीय अफसर तार टूटने या करंट जैसी घटना से बेखबर रहे। वहीं, आंवला स्थित पारेषण स्टेशन और उपकेंद्र पर हंगामा होने के बाद स्टाफ सिस्टम बंद कर फरार हो गया। यही नहीं मुख्यालय से जेई भी नदारद हो गया। उग्र भीड़ ने स्टेशनों पर हंगामा कर रास्ता जाम किया और पथराव तक कर दिया।
आंवला मुख्यालय पर तैनात जेई समेत अन्य स्टाफ रात में कभी शायद ही रुकते हों, इसलिए पूरा सिस्टम प्राइवेट और अप्रशिक्षित हाथों में रहता है। शाम होते ही जेई बरेली आ जाते हैं, एक्सईएन ने अभी तक कामकाज ही नहीं संभाला है। एसई ग्रामीण तारिक जलील अवकाश पर हैं। बड़ा हादसा होने के बाद भी जेई ने किसी भी विभागीय अधिकारी को सूचना तक नहीं दी। उधर, प्रभावित लोगों ने 132 केवी पारेषण स्टेशन और उपकेंद्र पर जबरदस्त हंगामा किया। घटना पारेषण स्टेशन के पास होना बताया जा रहा है लेकिन किसी अधिकारी के पास इसकी सही जानकारी तक नहीं है। हादसे से बेखबर एक्सईएन ने फोन तक नहीं उठाया। अवकाश पर गए एसई ग्रामीण को इसकी जानकारी भी रात दस बजे के बाद अन्य स्रोतों से मिली। उन्होंने स्टाफ को खटखटाया लेकिन सही जानकारी नहीं मिल पाई। एसई ग्रामीण ने कहा कि लापरवाह स्टाफ पर कार्रवाई होगी।