बरेली। जर्जर बिजली लाइनों से लगातार हो रहे हादसों से विभाग सबक नहीं ले रहा है। मंगलवार शाम जिला अस्पताल रोड पर अचानक ही बिजली का तार टूटकर ठेला चालक पर गिरा तो वहां भगदड़ मच गई। इसके बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी कई घंटे बाद पहुंचे।
बारादरी क्षेत्र के शाहदाना निवासी राजा जिला अस्पताल रोड पर कुतुबखाना सब्जी मंडी के सामने फलों का ठेला लगाते हैं। मंगलवार शाम मोड़ पर लस्सी की दुकान की तरफ लगे पोल में स्पार्किंग हुई और तार टूटकर गिर पड़ा। राजा ने भागने की कोशिश की लेकिन तार उसकी पीठ पर गिरा। करंट लगे से उनकी शर्ट जल गई और पूरी पीठ भी झुलस गई। आसपास के व्यापारियों किसी तरह तार को हटाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। व्यापारियों ने तार टूटने की जानकारी विद्युत विभाग को दी लेकिन विभाग के कर्मचारी कई घंटे बाद मौके पर पहुंचे। बता दें कि जर्जर तारों से पहले भी कांधरपुर, नकटिया, प्रियदर्शनी नगर, मॉडल टाउन समेत कई जगह हादसे हो चुके हैं। इनमें लोगों की जानें भी गईं लेकिन बिजली विभाग सतर्कता नहीं बरत रहा।