बरेली। गर्मी से बेहाल लोगों को बिजली कटौती से भी परेशान होना पड़ रहा है। रविवार को हुई अघोषित कटौती से प्रेमनगर के तमाम इलाकों में लोग सुबह से लेकर रात तक परेशान रहे।
रविवार को 35.1 डिग्री सेल्सियस तापमान था। बरसात न होने के चलते उमस भी अच्छी खासी थी। इसके चलते दिन भर लोग पसीने से तरबतर होते रहे। वहीं, अघोषित बिजली कटौती और ट्रिपिंग से लोग त्रस्त हैं। जिला मुख्यालय को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति का दावा हवाई साबित हो रहा है। रविवार को प्रेमनगर के चाहबाई, बजरिया पूरनमल, पटवा गली, गुलाब नगर में सुबह आठ बजे ही बिजली गायब हो गई। काफी देर तक बिजली सप्लाई बाधित रहने पर निवासियों ने पॉवर कारपोरेशन के कंट्रोल रूम में फोन किया लेकिन वहां का फोन ही नहीं उठा। बिजली विभाग के अफसरों के फोन भी नहीं उठे। इन इलाकों में रविवार सुबह गुल हुई बिजली देर रात तक नहीं आई। इसके चलते लोगों में काफी आक्रोश था।