भोजीपुरा। हाफिजगंज और शेरगढ़ के बाद अब भोजीपुरा के हंसा गांव में तेंदुआ देखा गया। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। हालांकि मेरठ-बिजनौर की विशेष टीम ड्रोन से तेंदुए की निगरानी कर रही है, लेकिन अब तक उसका अता-पता नहीं चल सका है।
थाना क्षेत्र के गांव हंसा में बुधवार को गांव के ही मजदूर हंसा से अहमदाबाद जाने वाली सड़क पर किनारे उग आईं झाड़ियों की सफाई कर रहे थे। तभी प्रातः दस बजे सड़क किनारे गन्ने के खेत से निकलकर एक तेंदुआ सड़क पार करते हुए दक्षिण दिशा की तरफ भाग गया। तेंदुआ देखते ही सड़क साफ कर रहे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सभी मजदूर हंसा गांव में पहुंच कर सूचना दी। इस दौरान ग्रामीण जंगल व खेतों की तरफ नहीं गए। इसकी सूचना पर मेरठ-बिजनौर की विशेष टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए जुट गई है।
इसके लिए क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की जा रही है, लेकिन टीम को उसका कोई सुराग नहीं लगा। संवाद