नवाबगंज के याकूबपुर गांव का मामला, मजदूर को सीएचसी में कराया भर्ती
वन विभाग की टीम ने किया मौका मुआयना, अकेले जंगल में न जाने की दी हिदायत
नवाबगंज। याकूबपुर गांव के ईंट भट्ठे पर सोमवार रात तेंदुए ने मजदूर भूरे शाह पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भूरे शाह के शोर मचाने पर आसपास झोपड़ियों में रह रहे मजदूर बाहर निकल आए और शोर मचाया तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। मजदूरों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की पड़ताल की। पगचिह्न तेंदुए के होने की तस्दीक के बाद वन विभाग की टीम ने मजदूरों और ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी। वहीं घटना के बाद से मजदूरों में दहशत है।
नवाबगंज इलाके के गांव सतुईया खुर्द निवासी भूरे शाह दस साल से परिवार के साथ याकूबपुर गांव में भट्ठे पर रहकर ईंट पाथने का काम करते हैं। ईंटों की ढुलाई के लिए उन्होंने घोड़ा बुग्गी भी ले रखी है। सोमवार रात वह परिवार के साथ भट्ठे पर अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। कुत्ते के भौंकने से उनकी आंख खुल गई। वह झोपड़ी के बाहर बंधा अपना घोड़ा देखने निकले तो तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर परिजन और आसपास झोपड़ियों में रह रहे मजदूर निकल आए। उन्होंने शोर मचाया तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। मजदूरों ने भूरे शाह के तेंदुए के हमले में घायल होने की सूचना भट्ठा मालिक मुरारी लाल खजांची को दी। इसके बाद भूरे को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। वन दरोगा रामसरन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना कर अधिकारियों को जानकारी दी। जांच में तेंदुए के हमले की पुष्टि होने पर वनकर्मियों ने लोगों को अकेले जंगल की तरफ न जाने की हिदायत दी।
मजदूर से पहले कुत्ते को बनाया निशाना
भूरे शाह के मुताबिक रात एक बजे अपने कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर जब वह झोपड़ी से बाहर निकले तो देखा तेंदुआ उनके कुत्ते को दबोचे था। यह देख वहां पड़ा तसला उठाकर उन्होंने तेंदुए को फेंककर मारा। इस पर तेंदुए ने कुत्ते को तो छोड़ दिया, लेकिन उन पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उनके चेहरे पर पंजा मारा। उन्होंने बचने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए के तेज नाखूनों से उनका होठ कट गया। भट्ठे पर ही रहने वाले मजदूर नौशाद ने बताया कि रात करीब एक बजे भूरे शाह के चीखने की आवाज सुनाई दी तो वह अपनी झोपड़ी से बाहर निकलकर आए तो देखा भूरे शाह लहूलुहान पड़े थे। उनका कुत्ता भी घायल पड़ा था। खाली पड़े प्लॉट में कुत्ते भौंक रहे थे।
ग्रामीणों की सूचना मिलते ही मौके पर जाकर जांच की है। पगचिह्न तेंदुए के ही प्रतीत हो रहे हैं। उनके फोटो अधिकारियों को भेज दिए हैं। उनका जैसा आदेश होगा, आगे की कार्रवाई की जाएगी। - रामसरन, वन दरोगा नवाबगंज