बुकिंग के लिए सप्ताहभर से जूझ रहे उपभोक्ता
लाल फाटक निवासी रामनाथ ने बताया कि रसोई गैस की बुकिंग के लिए सप्ताहभर से जूझ रहा हूं। घर पर लकड़ी व उपले से भोजन बन रहा है। एजेंसी पर आए तो सर्वर डाउन होने का पता चला। फोन से भी बुकिंग नहीं हो पा रही है। मिर्जापुर के छत्रपाल पाली ने बताया कि रसोई गैस की बुकिंग के लिए पांच दिन से परेशान हूं। फोन लग नहीं रहा है। ऐसे हालात में अगर गैस खत्म हो गई तो लकड़ी और उपलों का ही सहारा लेना पड़ेगा।
सुभाषनगर के ललित कुमार शर्मा ने कहा कि सुबह से ही बुकिंग के लिए लगे हैं। सर्वर फेल होने के कारण एजेंसी पर भी निराशा हाथ लगी। यहां भी ऑफलाइन बुकिंग करने के लिए कहा जा रहा है। मनीष कुमार ने कहा कि केवाईसी न होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही थी। सुबह से लाइन में लगकर किसी तरह केवाईसी कराई है। अब बता रहे हैं कि दो घंटे बाद ऑनलाइन बुकिंग होगी।
बुकिंग बढ़ने से व्यस्त जा रहा नंबर
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता ने बताया कि ऑनलाइन नंबर व्यस्त जा रहा है। आम दिनों में रोजाना जहां 20 हजार बुकिंग होती थीं, अब यह आंकड़ा बढ़कर 40 हजार पहुंच गया है। एक साथ ज्यादा लोगों की ओर से कॉल किए जाने की वजह से नंबर व्यस्त जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि कोई समस्या नहीं है। उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त सिलिंडर हैं। केवल व्यावसायिक गैस सिलिंडर को प्रतिबंधित किया गया है। इंडियन ऑयल का सर्वर नहीं चलने से बुकिंग में थोड़ी समस्या जरूर हुई। उपभोक्ता धैर्य रखें। गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंप की निगरानी की जा रही है।
रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं : डीएम
जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में बुधवार को पेट्रोलियम कंपनियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं होने दी जाएगी। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने जिले में आपूर्ति एवं वितरण सामान्य होने की बात भी कही। पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गैस सिलिंडर की रिफिल की अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी है। कालाबाजारी रोकने के लिए ओटीपी आधारित वितरण व्यवस्था लागू की गई है। डीएम ने रसोई गैस की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने, उनके दैनिक स्टॉक की माॅनीटरिंग करने व क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करने के निर्देश भी दिए।