शुक्रवार को बड़े नेताओं की मौजूदगी में क्षेत्र पंचायत प्रमुख और सदस्यों के शपथ ग्रहण केे साथ जिले के सभी 15 ब्लाकों की सरकार का गठन हो गया। अफसरों ने ब्लाकों में पहुंचकर प्रमुखों को शपथ दिलाई और प्रमुख ने बीडीसी सदस्यों को । इसके बाद हुई क्षेत्र पंचायत की पहली बैठक की भी औपचारिकता हुई। बिथरीचैनपुर को छोड़कर बाकी सभी ब्लाकों में सपा के नेता और सत्ताधारी विधायक शपथ ग्रहण समारोह में मंचासीन रहे।
क्यारा और आलमपुर जाफराबाद ब्लाक के शपथ समारोह में सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव मुख्य अतिथि थे। क्यारा में चौधरी धर्मपाल सिंह को एसडीएम सदर मनीष नाहर ने शपथ दिलाई। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रूमसिंह यादव, महानगर अध्यक्ष जफर बेग, आदि मौजूद रहे। आलमपुर जाफराबाद में सपा जिलाध्यक्ष के भतीजे आदेश यादव गुड्डू और बाकी सदस्यों ने प्रमुख की शपथ ली। बिथरीचैनपुर में विधायक वीरेंद्र सिंह की मौजूदगी में देवेंद्र सिंह ने प्रमुख पद की शपथ ली। उनको जिला विकलांग जन कल्याण अधिकारी डॉ. दीपक शुक्ला ने शपथ दिलाई। प्रमुख ने बाकी सदस्यों को शपथ दिलाई। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता ही बिथरी की पहचान है। इस मौके पर कई प्रधान भी मौजूद रहे।
नवाबगंज ब्लाक में विधायक और पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार की मौजूदगी में प्रमुख विनोद दिवाकर ने शपथ ली। विधायक ने ग्रामों का विकास मिलकर करने का आह्वान किया। इस मौके पर फईम जैदी, एनए अंसारी, अनिल गंगवार, हाजी मुख्त्यार अहमद, डॉ. धर्मपाल गंगवार, डॉ. एके गंगवार आदि मौजूद रहे। भदपुरा ब्लाक में भी विधायक भगवत सरन गंगवार की मौजूदगी में प्रमुख पुरुषोत्तम गंगवार को जिला सांख्यिकी अधिकारी नरेन्द्र यादव ने शपथ दिलाई। इस मौके पर गन्ना चेयरमैन अरविन्द गंगवार, नवाबगंज बार के अध्यक्ष शिशुपाल गंगवार, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष मुनेंद्र गंगवार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र गंगवार मौजूद रहे। भुता ब्लाक में प्रमुख जगमोहन सिंह यादव ने सपा नेताओं की मौजूदगी में शपथ ली। यहां 104 में से 92 बीडीसी सदस्यों ने शपथ ली। इस मौके पर सपा नेता विशाल सागर, रवि बाबू यादव, आदि मौजूद रहे।
बहेड़ी ब्लाक में प्रमुख कनक चौधरी को एसडीएम पारस नाथ मौर्या ने शपथ दिलाई। इस मौके पर विधायक अताउर्ररहमान, सलीक कातिब, सरदार सतनाम सिंह, आजाद सिंह आदि मौजूद रहे। दमखोदा ब्लाक में प्रमुख परवीन सिद्दीकी को शपथ जिला कृषि अधिकारी रामतेज सिंह यादव ने दिलाई। इसमें विधायक अताउर्रहमान, प्रमुख पति हाजी वफाउररहमान, चेयरमैन अब्दुल बहीद, फरीदपुर चेयरमैन मोहम्मद कामिल आदि मौजूद थे। भोजीपुरा ब्लाक में प्रमुख योगेश पटेल को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा ने शपथ दिलाई। इस मौके पर एसआरएमएस के एमडी आदित्य मूर्ति, जेपीएम कालेज के डायरेक्टर डॉ. मनोज कांडपाल, श्याम लाल कन्नौजिया तथा प्रधान मौजूद रहे।
मीरगंज ब्लाक प्रमुख राजीव गुप्ता के शपथ ग्रहण में कई सपा नेताओं के बीच बसपा विधायक सुल्तान बेग भी मौजूद रहे। उनके अलावा शीशगढ़ चेयरमैन हाजी गुड्डू, डॉ. एसके वर्मा, एडीओ शराफत अली, चेयरमैन योगेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रमुख सुदेशपाल सिंह, जिपं सदस्य निरंजन यदुवंशी भी मौजूद रहे। फतेहगंज पश्चिमी ब्लाक में जिला समाज कल्याण अधिकारी एके सिंह ने प्रमुख प्रीति यादव को शपथ दिलाई। शेरगढ़ ब्लाक में ब्लाक प्रमुख सुमनलता के शपथ ग्रहण में विधायक शहजिल इस्लाम भी शामिल हुए। इस मौके पर भूपेन्द्र कुर्मी, डीपीआरओ दिनेश सिंह आदि मौजूद रहे।
इंसेट...
विजेंद्र ने तेवर दिखाए, वीरेंद्र की भवें तनी
बिथरीचैनपुर। ब्लाक में प्रमुख और बीडीसी सदस्यों के शपथ ग्रहण में प्रमुखी हारे विजेंद्र सिंह को भी शपथ लेनी थी, वह पहुंचे भी लेकिन रंग में भंग डालने जैसा कुछ माहौल बन गया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे देवेंद्र सिंह शपथ ले रहे थे इसी बीच अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों के साथ पहुंचे विजेंद्र ने कुर्सियां खाली न देखकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने शपथ ग्रहण करा रहे जिला विकलांग जनकल्याण अधिकारी डॉ. दीपक शुक्ला से कहा कि बीडीसी सदस्यों को बैठने की जगह फालतू लोगों को बुलाकर बैठाया गया है। हंगामा देख कर मंच पर बैठे विधायक वीरेंद्र सिंह ने डॉ. शुक्ला से कहा- बता दीजिए शपथ ग्रहण में किसी के भी आने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इसके बाद विजेंद्र ने कहा कि वह शपथ का बहिष्कार करते हैं। विधायक को गुस्सा आ गया । उन्होंने वहां मौजूद कोतवाल राजवीर सिंह यादव से कहा- समझा दीजिए बेहतर होगा वरना हमें समझाना पड़े तो ठीक नहीं रहेगा। इसके बाद कोतवाल और पुलिस के समझाने पर विजेंद्र शपथ के बहिष्कार की बात कहते हुए बाहर आ गए और हंगामा करने लगे। बाद में पुलिस कर्मियों ने ही कुर्सी डालकर उनके और समर्थकों के बैठने का बंदोबस्त किया। प्रमुख देवेंद्र सिंह का कहना था कि कुछ लोगों का मकसद शपथ ग्रहण समारोह में बाधा डालने का था।
झलकियां
पूर्व प्रमुख से बड़े बर्खास्त अफसर
भदपुरा ब्लाक केे शपथ ग्रहण में बर्खास्त ग्राम पंचायत अधिकारी पन्नीलाल अरविन्द भी मंच पर आसीन रहे लेकिन पूर्व प्रमुख नरोत्तम गंगवार के साथ ही उनके समर्थक समारोह में नहीं दिखाई दिए।
शहजिल नहीं पहुंचे
भोजीपुरा ब्लाक के शपथ ग्रहण समारोह में सपा के क्षेत्रीय विधायक शहजिल इस्लाम की गैरमौजूदगी चर्चा में रही तो मीरगंज ब्लाक में सपा के प्रमुख के शपथ ग्रहण में बसपा विधायक सुल्तान बेग की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी।
घूंघट की ओट में
प्रधानी की तरह बीडीसी की कई महिला सदस्यों ने भी घूंघट ओढ़कर शपथ ली। उन्होंने अपना पल्लू नहीं हटने दिया। फतेहगंज पश्चिमी ब्लाक में शपथ ग्रहण के बाद हुई बोर्ड की बैठक में कई प्रधानों ने गांवों में विकास कार्य न होने पर हंगामा भी किया। होली पर गांवों में सफाई न होने की समस्या उठाई।
सपा का प्रचार भी
भोजीपुरा ब्लाक के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व ब्लाक प्रमुख रेखा पटेल समाजवादी परिधान में शामिल हुईं। सपा के कलर की साड़ी पहन कर आई। साड़ी पर साइकिल छपी थी।