बरेली। पब्लिक प्राइवेट पार्टनशिप (पीपीपी) मॉडल पर सेटेलाइट बस अड्डे के पुनर्निर्माण की कवायद फिर तेज हो गई है। सेना की आपत्ति के बाद बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्पलेक्स और बेसमेंट नहीं बनाने का निर्णय लिया गया है। वेलटिक्स बरेली बिल्डकॉम ने नया मानचित्र बनाकर मुख्यालय को सौंप दिया है। इसके मुताबिक, भवन की अधिकतम ऊंचाई 21 मीटर ही रहेगी। सैन्य क्षेत्र से पहले 100 मीटर में कोई स्थायी या अस्थायी निर्माण नहीं कराया जाएगा।
रोडवेज के प्रधान प्रबंधक (पीपीपी) यजुवेंद्र कुमार ने स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को मानचित्र पर बीडीए की स्वीकृति लेने का आदेश दिया है। सेटेलाइट बस अड्डे को पीपीपी मॉडल पर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने को मंजूरी 2021 में मिली थी। बिड प्रक्रिया में निजी फर्मों के आगे न आने से परियोजना टलती रही।
वर्ष 2023 में निजी फर्म आगे आई तो काम भी तेज हुआ। सरकार ने 2024 में बस अड्डे के स्थान पर 20,164 वर्गमीटर में 137 करोड़ की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल को मंजूरी दी थी। यहां 14 मंजिला कॉम्प्लेक्स के भूतल पर बस अड्डा और ऊपरी मंजिलों पर मॉल, रेस्टोरेंट, दफ्तर, बैंक आदि सुविधाएं प्रस्तावित की गईं।
बस अड्डा दो तरफ से सैन्य क्षेत्र से घिरा है। ऐसे में परियोजना के ब्लूप्रिंट को सेना ने अनापत्ति प्रमाण पत्र से मना कर दिया। इसके बाद अब नया मानचित्र तैयार किया गया है।
बीडीए की स्वीकृति के बाद मांगी जाएगी सेना से एनओसी
पुराने मानचित्र पर सेना ने जो भीआपत्तियां जताई थीं, नए में उनको दूर किया गया है। नए मानचित्र को भी बीडीए की स्वीकृति के बाद सेना की एनओसी के लिए भेजा जाएगा। नए भवन में सैन्य क्षेत्र की परिधि से 100 मीटर तक कोई निर्माण नहीं कराया जाएगा। भवन अधिकतम चार मंजिला या 21 मीटर से ज्यादा ऊंचा नहीं होगा। सभी काम राजस्व और बीडीए के अधिकारियों के समन्वय से कराए जाएंगे। सक्षम सैन्य प्राधिकारी के सहयोग से स्थल का संयुक्त मापन कराने के बाद परियोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सेटेलाइट बस अड्डे के नए मानचित्र को बीडीए से स्वीकृत कराने का निर्देश मुख्यालय से मिला है। इससे पूर्व परियोजना को लेकर सेना ने जो आपत्ति लगाई थीं, नए मानचित्र में उनको दूर कर लिया गया है। - मोहम्मद अजीम, क्षेत्रीय प्रबंधक