शहला ताहिर की जमानत अर्जी के विरोध में जमा हुए वकीलों ने कोर्ट परिसर में ही अचानक उनके एक समर्थक को पीट दिया। वकीलों का आरोप था कि शहला का यह समर्थक देश विरोधी नारे लगा रहा था। अच्छी खासी पिटाई होने के बाद कुछ वकीलों ने ही बीच में पड़ कर उसे छुड़वाया।
शहला ताहिर की जमानत अर्जी के विरोध में बड़ी तादाद में वकील कोर्ट कैंपस में इकट्ठे हो गए थे। वकीलों का तर्क था कि बुधवार को बार एसोसिएशन की ओर से नो वर्क का नोटिस दिया जा चुका है। लिहाजा वकील कोई कामकाज नही करेंगे। कुछ वकीलों ने शहला की पैरवी के लिए आए वकीलों के काम करने पर सख्त एतराज जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। अदालत ने शहला ताहिर की जमानत अर्जी खारिज कर उन्हें जेल भेज दिया। जिसके बाद ये वकील अदालत से बाहर निकले और नारेबाजी करने लगे। अचानक वकीलों की भीड़ में एक शहला समर्थक पर देश विरोधी नारे लगाने का आरोप लगाते हुए दबोचकर जमीन पर गिरा दिया गया। कुछ लोगोें ने उसकी पिटाई कर दी। इसी बीच शोर मचा कि शहला समर्थक ने एक वकील का मोबाइल भी चुराया है, लेकिन कुछ ही देर बाद मोबाइल मिल गया। भीड़ शहला समर्थक को घसीटते हुए न्यायालय परिसर के गेट की तरफ ले जा रही थी। इस बीच कुछ वकीलों ने दखलंदाजी कर उसे भीड़ से छुटाया। इस घटना को वहां मौजूद मीडिया के फोटोग्राफरों ने कवर करना शुरू किया तो कुछ वकील उनसे भी उलझ गए। पुलिस ने मामले को शांत कराया।