मीरगंज। बार एसोसियेशन के सभागार में बुधवार को एक आपात बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामस्वरूप एडवोकेट ने की।
बैठक में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से आरोप लगाया कि एसडीएम मीरगंज इशिता किशोर का अधिवक्ताओं के साथ व्यवहार शुरुआत से ही अशोभनीय और अभद्र रहा है। अधिवक्ताओं ने बताया कि बुधवार को भी वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार गंगवार समेत अन्य अधिवक्ताओं के सामने एसडीएम ने दुर्व्यवहार किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एसडीएम ने गार्ड और पुलिस को बुलाकर अधिवक्ताओं को कोर्ट से बाहर कराने और एफआईआर कराने की धमकी तक दे डाली।
इस रवैये की बार एसोसियेशन ने कड़ी निंदा की और निर्णय लिया कि बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी बरेली से मिलकर एसडीएम के खिलाफ शिकायती प्रार्थना पत्र देगा। इस संबंध में एसडीएम इशिता किशोर का पक्ष जानने की के लिए फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
बैठक में अधिवक्ता ओमपाल शर्मा, सुनील गंगवार, धर्मवीर गंगवार, मजहर हुसैन हाजी, हबीबुल खान, भगवान सिंह, यशपाल सिंह, दिनेश चंद सक्सेना समेत कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। संवाद