प्रयागराज के माफिया रहे पूर्व विधायक अशरफ के गुर्गे लल्ला गद्दी उर्फ मोहम्मद रजा और महिला अधिवक्ता के पति पर गोली चलाने वाले भाजपा नेता के परिवारीजन सौरभ राठौर व टिंकू राठौर पर बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने शिकंजा कस दिया है। तीनों पर बारादरी थाना पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है।
चक महमूद निवासी लल्ला गद्दी ने बरेली जिला जेल में बंद रहे माफिया अशरफ को जेल के अंदर सहूलियत पहुंचाई थी। प्रयागराज के चर्चित उमेशपाल हत्याकांड के शूटरों से उसकी मुलाकात कराने में मदद की थी। इसके बाद लल्ला गद्दी और उसके साथियों को जेल जाना पड़ा था।
अधिवक्ता के पति पर गोली चलाने वालों पर भी कार्रवाई
शहर के जोगी नवादा निवासी सौरभ राठौर और टिंकू राठौर ने महिला अधिवक्ता रीना सिंह के पति पर गोली चलाई थी। दोनों भाइयों का नाम एक भाजपा नेता भी जुड़ता रहा है। तीनों के खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज है तो कई मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि इन तीनों पर अब पुलिस प्रशासन ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। तीनों की गतिविधियों पर अब पुलिस खासतौर पर नजर रखेगी।