लालफ ाटक ओवरब्रिज
निर्माण की सुस्त रफ्तार
पर डीएम नाराज
रेलवे ने जैसे-तैसे काम शुरू किया तो
अब खत्म करने की कोई फिक्र नहीं
डीएम ने रेलवे अफसरों को लिखा पत्र, समय पर काम पूरा कराने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। लालफाटक ओवरब्रिज पर रेलवे के निर्माण की धीमी रफ्तार पर डीएम नितीश कुमार ने नाराजगी जताई है। उन्होंने रेलवे अफसरों को पत्र लिखकर कहा है कि जिस गति से निर्माण हो रहा है, उसे देखते हुए उसका समय पर पूरा होना संभव नहीं लग रहा है। उन्होंने निर्माण की गति बढ़ाकर समय से काम पूरा करने को कहा है।
करीब साल भर तक ट्रैक के ऊपर ओवरब्रिज का निर्माण लटकाए रखने के बाद रेलवे ने अब काम तो शुरू कर दिया है लेकिन जिस धीमी गति से निर्माण किया जा रहा है, उससे अंदेशा पैदा हो रहा है कि विधानसभा चुनाव तक कहीं यह काम लटका न रह जाए जबकि कोशिश हो रही है कि चुनाव से पहले ही सभी लटकी परियोजनाएं पूरी कर ली जाएं ताकि उनकी वजह से सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ माहौल न बने। लालफाटक ओवरब्रिज का दोनों क्रॉसिंग के ऊपर का अपना हिस्सा बनाने के लिए रेलवे यहां फिलहाल पिलर का निर्माण करा रहा है। रेलवे को कुल मिलाकर पांच पिलर बनाने हैं लेकिन अब तक एक भी पिलर का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है।
बता दें कि ओवरब्रिज के सेना की जमीन पर निर्माण के लिए एनओसी का मामला भी लंबे समय से लटका हुआ था। कुछ ही समय पहले सेना से निर्माण की अनुमति मिली है जिसके बाद कोशिश की जा रही है कि निर्माण को पूरा कर ओवरब्रिज को हर हालत में साल भर के अंदर शुरू कर दिया जाए। कैंट की दिशा की ओर अभी सेतु निगम को भी काफी काम करना है।
लालफाटक का बूम तोड़ा, चेन बांधकर निकालनी पड़ीं ट्रेनें
बरेली। ट्रक की टक्कर से लालफाटक क्रॉसिंग का बूम टूटने के बाद रात भर यहां ट्रेनों को चेन बांधकर गुजारना पड़ा। आरपीएफ ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। अब उससे जुर्माना वसूल किया जाएगा।
बृहस्पतिवार रात डेढ़ बजे लालफाटक रेलवे क्रॉसिंग को गेटमैन ने लखनऊ-दिल्ली फेस्टिवल एक्सप्रेस को गुजारने के लिए बंद किया था। इसी दौरान बदायूं से आ रहे थे ट्रक ने टक्कर मारकर बूम को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर मौजूद आरपीएफ ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक गोविंद को हिरासत में ले लिया। रेलवे कंट्रोल के निर्देश पर जंक्शन आरपीएफ थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सुबह जंक्शन से पहुंची इंजीनियरिंग अनुभाग की टीम ने बूम कोेे मरम्मत करके ठीक किया। आरपीएफ इंस्पेक्टर वीके सिसौदिया ने बताया कि रात भर क्रॉसिंग पर चेन बांधकर ट्रेनों को गुजारना पड़ा। सुबह तक हर ट्रेन गुजरने के मिनट के हिसाब से ट्रक मालिक से जुर्माना वसूल किया जाएगा। संवाद
0000
हुलासनगरा क्यों नहीं पहुंची
रुड़की आईआईटी की टीम
पिलर की मजबूती की जांच के लिए जनवरी में टीम बुलाने का किया था दावा
डीएम ने इस मामले में भी रेलवे अफसरों की लापरवाही पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे के पिलर तैयार खड़े हैं जिन पर अब गार्डर रखे जाने हैं। इससे पहले रुड़की आईआईटी की टीम को इन पिलर की मजबूती की जांच करनी है जिसे जनवरी में बरेली आना था लेकिन यह टीम अब तक नहीं आई है। डीएम ने इस मामले में भी रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखकर पूछा है कि रुड़की की टीम अब तक क्यों नहीं आई और कब आएगी।
लखनऊ हाईवे पर फ तेहगंज पूर्वी के पास हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण अधिकारियों ने मार्च तक पूरा करने का दावा किया था लेकिन काफी समय से तैयार खड़े पिलर पर गार्डर रखने का काम ही लटका हुआ है। दरअसल रेलवे के अफसर चाहते हैं कि हुलासनगरा क्रॉसिंग पर बने पिलर की मजबूती परखने के बाद ही उस पर गार्डर रखे जाएं। कमिश्नर ने रेलवे अधिकारियों को रुड़की आईआईटी के विशेषज्ञों की टीम बुलाकर यह जांच कराने को कहा था। रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि जनवरी में टीम को बुलाकर जांच करा दी जाएगी लेकिन इसके बावजूद आधी फरवरी गुजर जाने के बाद भी टीम आती नहीं दिख रही है। अब डीएम नीतिश कुमार ने इस पर नाराजगी जताते हुए रेलवे अधिकारियों से पूछा है कि टीम कब तक आएगी और गार्डर कब तक रखे जाएंगे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को सही स्थिति से अवगत कराने को कहा है।