लाल फाटक पर रेलवे ने शुरू किया काम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। लाल फ ाटक ओवरब्रिज का निर्माण काफी इंतजार के बाद धीरे-धीरे ही सही मगर फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। पिछले हफ्ते रेलवे ने यहां काम शुरू करने के बाद यहां एक पिलर का बेस तैयार कर लिया है। रेलवे अधिकारियों ने फिर दावा किया है कि अब उनका काम नहीं रुकेगा और वे एक साल के अंदर अपने हिस्से के पांचों पिलर बना लेंगे।
इस हफ्ते लाल फाटक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा करने के रास्ते से दो बड़ी अड़चन दूर हुईं। एक तो रेलवे ने काफी समय से रुका अपना काम शुरू कर दिया, दूसरे सेना की जमीन पर पुल निर्माण के लिए रक्षा मंत्रालय की ओर से एनओसी जारी करने पर सहमति जता दी गई। इस बीच रेलवे का काम रफ्तार पकड़ने लगा है। रेलवे को यहां पांच पिलर तैयार करने हैं। क्रॉसिंग के पास बनाए जा रहे पहले पिलर का बेस कंक्रीट भरकर बृहस्पतिवार को तैयार कर लिया गया। सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि रेलवे सभी पांच पिलर का बेस तैयार कर आगे का काम शुरू कर देगा। उन्होंने साल के अंत तक काम पूरा करके ओवरब्रिज का अपना हिस्सा सेतु निगम को सौंप देने का भरोसा दिलाया है। सेतु निगम डीपीएम वीके सेन ने बताया कि रक्षा मंत्रालय का एनओसी संबंधी पत्र अभी नहीं आया है। हालांकि सेतु निगम को पुल पर तीन स्पैन और चार पिलर का ही निर्माण करना रह गया है जिसे हर हाल में आठ महीने के अंदर पूरा कर लिया जाएगा।
खतरा: सर्विस रोड पर नहीं कराई बैरिकेडिंग
लाल फाटक की सर्विस रोड संकरी होने के कारण यहां पिछले सप्ताह यहां केले से भरा ट्रक पलट गया था। हादसा होने के बाद भी अब तक यहां बैरिकेडिंग नहीं कराई गई है। इससे यहां वाहन धीमी गति से गुजर रहे हैं। दोबारा हादसे का खतरा भी बना हुआ है। सर्विस रोड रेलवे के हिस्से में आने के कारण यहां रेलवे को ही बैरिकेडिंग करानी है। रेलवे सहायक मंडल इंजीनियर हरप्रीत सिंह ने बताया कि जल्द बैरिकेडिंग करा दी जाएगी।