बरेली। लालफाटक पर ओवरब्रिज बनाने के लिए रेलवे पहले रोड को बंद करने की मांग कह रहा है लेकिन प्रशासन के मोहलत मांगने के बाद ट्रैफिक भले बंद न हुआ हो लेकिन रेलवे ने काम की शुरूआत कर दी है। रविवार को बदायूं की तरफ सेतु निगम के निर्माणाधीन पुल के पास से रेलवे ने भी पिलर के लिए फाउंडेशन बनाना शुरू कर दिया है। इधर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्गों को कब और कैसे शुरू किया जाए, इसे लेकर माथापच्ची शुरू कर दी है।
रेलवे ने लालफाटक पर ओवरब्रिज बनाने के लिए एक सितंबर से ट्रैफिक बंद करने के लिए लेटर प्रशासन और पुलिस अफसरों को लेटर लिखा था। इसके बाद से ही अधिकारियों में इसे लेकर हड़कंप था कि लालफाटक बंद हुआ तो बदायूं आने-जाने वाले ट्रैफिक का बोझ चौपुला पर बढ़ जाएगा। डीएम की डीआरएम मुरादाबाद को भेजे गए फैक्स के बाद रेलवे ने महीना भर ट्रैफिक को बंद न करने की मोहलत तो दे दी है लेकिन रेलवे ने ओवरब्रिज का काम शुुरू कर दिया है। बदायूं की ओर सेतु निगम के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास रेलवे ने अपनी जमीन पर पिलर के फाउंडेशन खोदना शुरू कर दिया है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि अभी ऐसे काम शुरू किया गया है, जिससे ट्रैफिक निकलने में कोई दिक्कत पैदा न हो।
चिनेहटी रोड के लिए डीएम फिर बुलाएंगे अफसरों की मीटिंग
-आगे चलकर लालफाटक क्रासिंग बंद होनी है। इसलिए चिनेहटी रोड को वैकिल्पक रास्ते के तौर पर चिह्नित किया गया है। यह रोड कई जगहों पर संकरा है। जबकि चिनेहटी स्टेशन से रेलवे की रैक से सीमेंट व खाद सहित दूसरे भारी वाहनों का बदायूं रोड के लिए आवागमन इसी से होता है। इसलिए चिनेहटी रोड के साइड में मिट्टी का पटान करके उसे चौड़ा करने की प्लानिंग बनाई गई है। संभवत: इस रोड का काम पीडब्ल्यूडी को दिया जाएगा। इस मामले को लेकर डीएम जल्द ही फिर से अफसरों की मीटिंग करेंगे।
लालफाटक रोड के वैकल्पिक रास्तों को लेकर अधिकारियों के साथ जल्द ही फिर से मंथन होगा। पूरी प्लानिंग करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा, ताकि पब्लिक को कोई परेशानी न हो। -वीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी