सीतापुर-लखीमपुर के बीच आमान परिवर्तन कार्य का निरीक्षण करने के लिए रेल संरक्षा आयुक्त सोमवार को लखीमपुर स्टेशन पहुंचे। शाम चार बजकर तीन मिनट पर रेल संरक्षा आयुक्त स्पेशल ट्रेन से ट्रायल के लिए सीतापुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान थाना खीरी क्षेत्र में ओयल रेलवे स्टेशन के पास लोनियनपुरवा निवासी 25 वर्षीय दीपू की स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सीआरएस ने 130 किलोमीटर की स्पीड से ट्रेन दौड़ाकर रेलवे ट्रैक का ट्रायल किया।
पूर्वोत्तर रेलवे के रेल संरक्षा आयुक्त अरविंद कुमार जैन, मंडल रेल प्रबंधक विजय लक्ष्मी कौशिक, सिग्नल, ट्रैक आदि संबंधित अधिकारियों के साथ सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद ट्रायल के लिए सीआरएस स्पेशल ट्रेन चार बजकर तीन मिनट पर लखीमपुर से सीतापुर के लिए रवाना हुई।
स्पेशल ट्रेन चार बजकर सैंतीस मिनट पर सीतापुर पहुंची। मंडल रेल प्रबंधक विजयलक्ष्मी कौशिक ने बताया कि सीआरएस ट्रायल की सकारात्मक रिपोर्ट आने के बाद ही ट्रेन संचालन की तिथि निर्धारित होगी। इस दौरान उन्होंने बताया कि शुरुआत में दो पैंसेजर ट्रेनों के साथ एक एक्सप्रेस ट्रेन दौड़ाई जा सकती है।