राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के आह्वान पर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसानों ने भीरा-लखीमपुर स्टेट हाइवे पर बसतौला तिराहा पर जाम लगा दिया। हजारों किसान सुबह 9 बजे के बाद धरना स्थल पर जमा हुए, बाद में किसानों ने किसान बिल के खिलाफ धरना देते हुए सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम करने के बाद डीएम खीरी मौके पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा और उसके बाद धरना खत्म हुआ।
खीरी जिले के किसानों ने बसतौला चौराहा स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। सुबह 9:30 बजे से किसानों का दल बसतौला में जमा होने लगा था। खासकर सिख किसानों की संख्या हजार के करीब पहुंच गई थी।
सोशल मीडिया पर चल रहे पोस्टों से पुलिस को पहले ही अंदाजा लगा गया था, जिससे बसतौला तिराहे पर पलिया, मोहम्मदी, भीरा पलिया की पुलिस फोर्स जमा हो गई थी।
करीब दो घंटे तक सड़क जाम करने के बाद भी किसान इस बात पर अड़े रहे कि उनके धरनास्थल पर डीएम खुद आकर ज्ञापन लें। इसके बाद डीएम खुद वहां पहुंचे और किसानों ने धरना खत्म किया।