बरेली। दो वार्डाें में सड़क व नाली निर्माण में गुणवत्ता की कमी आने पर जांच के आधार पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। कानून गोयान वार्ड में पीली ईंट का इस्तेमाल हो रहा था ताे वहीं हाल में ही शाहदाना वार्ड में डाली गई हॉटमिक्स सड़क उखड़ी हुई मिली। नगर आयुक्त ने इस मामले में कार्रवाई की है। वहीं दोनों फर्माें को चेतावनी दी है कि भविष्य में कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हुई तो उनकी फर्म को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी।
कानून गोयान वार्ड में धोबी चौराहा होते हुए रेलवे लाइन तक सड़क चौड़ीकरण और साइड पटरी का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह काम कैलाश कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड फर्म को मिला है।
यहां पर नाली की चिनाई के लिए पीली ईंटों के इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। इस प्रकरण में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देश पर अभियंताओं ने निरीक्षण किया और पीली ईंट का इस्तेमाल पाया।
फर्म पर स्थाई रूप से 50 हजार का अर्थदंड लगाया गया है। वहीं नोटिस के देते हुए पीली ईंट को हटाकर नाली तोड़कर दोबारा मानकों के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए हैं। शाहदाना वार्ड में डाली गई हॉटमिक्स सड़क उखड़ने के मामले में मैसर्स अग्रवाल कान्ट्रैक्टर को पांच लाख का अर्थदंड क्यों न लगाए का नोटिस दिया गया है। संवाद