बरेली। कुतुबखाना फ्लाईओवर से बचने के लिए व्यापारियों की सक्रियता बरकरार है। शनिवार को एक बार फिर बैठक कर उन्होंने जाम की वजह अस्तव्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था को बताया। कहा, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जल्द एसएसपी को ज्ञापन दिया जाएगा, फिर भी सुधार नहीं हुआ तो 15 फरवरी से वे धरने पर बैठेंगे।
व्यापारी सेवा संघ की नैनीताल रोड कार्यालय पर हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि उन लोगों ने सड़कों पर अतिक्रमण नहीं किया है बल्कि यहां जाम की वजह बिगड़ी हुई ट्रैफिक व्यवस्था है। बाजार में भारी वाहन घुस रहे हैं। कुतुबखाना चौराहे और घंटाघर तिराहे पर इन वाहनों को मोड़ने के दौरान यहां जाम लगता है। होमगार्ड ट्रैफिक व्यवस्था ठीक से संभाल नहीं पा रहे हैं जिसकी वजह से जाम लगातार परेशान करता है। 15 दिन पहले पुलिस को ट्र्रैफिक अव्यवस्था के बारे में ज्ञापन देने के साथ व्यापारियों की ओर से कई सुझाव भी दिए गए थे लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
बैठक में तय हुआ कि व्यापारी सोमवार को एसएसपी को इस संबंध में एक बार फिर ज्ञापन देंगे। उसके बाद भी पुलिस ने बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था ठीक नहीं की तो 15 फरवरी से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि फ्लाईओवर के निर्माण के लिए बाजार में जाम लगने को ही वजह बताया जा रहा है लेकिन प्रशासन खुद की अव्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। वे लोग नगर निगम से भी कई बार यहां अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कह चुके हैं लेकिन नगर निगम में भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बैठक में भूपेंद्र सिंह, नदीम शम्सी, संजय आनंद, लोकेश, अमित खनेजा, लक्की सरपाल, दीपक अग्रवाल, आशीष, विशाल खुराना, खालिद खान आदि मौजूद रहे।
दुकानें सील करने पर भी नगर निगम का विरोध
व्यापारियों की बैठक में नगर निगम की ओर से टैक्स की अदायगी न होने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई पर भी विरोध जताया गया। कहा गया कि नगर निगम खुद समय से टैक्स की वसूली नहीं करता। अब मार्च आ रहा है तो लक्ष्य पूरा करने के लिए व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। नगर निगम के अधिकारी साल भर सोते रहने के बाद अब अचानक दुकानें सील कर व्यापारियों का मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।