बरेली। कुतुबखाना फ्लाईओवर का विरोध कर रहे व्यापारियों ने फड़ और ठेले वालों को जाम के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अफसर फ्लाईओवर बनाने की जिद छोड़कर जाम से निजात दिलाएं। अगर इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो व्यापारी 15 फरवरी को नोटिस देकर अनशन करेंगे।
रविवार को व्यापारी सेवा संघ की बैठक की अध्यक्षता संजय आनंद ने की। उन्होंने कहा कि कुछ दलाल चोरी छिपे प्रदेश के बाहर से माल लाकर ठेले और फड़ों पर अवैध रूप से बिकवाते हैं। इससे राजस्व की चोरी होती है और पूरे बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ व्यापारी भी अपनी दुकानों के आगे ठेले एवं फड़ लगवाकर उनसे पैसे लेते हैं। ऐसे व्यापारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रशासन फ्लाईओवर बनाने के बजाय इन लोगों पर कार्रवाई करके जाम से मुक्ति दिलाए।
बैठक में व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे 15 फरवरी को नोटिस देने के बाद जनता को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए अनशन पर बैठेंगे। व्यापारी दीपक अग्रवाल ने कहा बाजार में जाम का मुख्य कारण तलाशने के लिए ड्रोन कैमरे से बाजार का सर्वे कराया जाए। बैठक में नदीम शम्सी, अमित खनेजा, गिन्नी, रौनक जौली, अमित सरपाल, टोनी आदि मौजूद रहे।