रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एलएलबी की परीक्षा में शनिवार को बिजनौर के कृष्णा पब्लिक स्कूल ऑफ लॉ में सामूहिक नकल पकड़ी गई। विश्वविद्यालय के उड़ाका दल डॉ. गुरमीत सिंह की टीम ने 30 परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एलएलबी की परीक्षा का बुरा हाल है। डॉ. गुरमीत सिंह की टीम ने परीक्षा के पहले ही दिन बिजनौर के कृष्णा पब्लिक स्कूल ऑफ लॉ में छापा मारा था। इसमें तीन नकलची पकड़े गए थे। इसके बाद उनकी टीम शनिवार को दोबारा बिजनौर के कृष्णा पब्लिक स्कूल ऑफ लॉ में पहुंची। इससे वहां अफरातफरी मच गई। तलाशी के दौरान 30 परीक्षार्थियों के पास किताबें मिलीं। सब के साथ यूएफएम के तहत कार्रवाई की गई। इस मौके पर डॉ. गुरमीत के साथ डॉ. टीबी तिवारी, डॉ. अनिल चौहान, डॉ. पीएम कालरा और डॉ. योगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। हालांकि सभी परीक्षार्थियों की तलाशी नहीं ली गई। यहां परीक्षार्थियों की कॉपी भी एक जैसी लिखी हुई पाई गई। इसलिए, सामूहिक नकल घोषित किया गया। कॉलेज परिसर से कई बोरे नकल सामग्री बरामद की गई है। इसे सील कर विश्वविद्यालय भेज दिया गया है।
--------------
कृष्णा पब्लिक स्कूल ऑफ लॉ में 30 परीक्षार्थियों के पास से नकल सामग्री बरामद हुई। इसकी सूचना उड़ाका दल की ओर से दे दी गई है। अब इस पर आगे की कार्रवाई के लिए परीक्षा समिति में निर्णय लिया जाएगा।
- साहब लाल मौर्य, कुलसचिव, रुहेलखंड विश्वविद्यालय