बरेली। मनीष क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 क्रिकेट कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कृष्णा क्रिकेट अकादमी ने एमपीएस क्रिकेट अकादमी, मुरादाबाद को छह विकेट से मात दी। इसके साथ ही टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच में एमपीएस क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कृष्णा अकादमी के गेंदबाजों के आगे उनका यह निर्णय सही साबित नहीं हुआ। पूरी टीम निर्धारित 30 ओवरों के मैच में 88 रनों पर ही ढेर हो गई।
एमपीएस की ओर से अयान सुधाकर ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। सात्विक ने 15 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा टीम का कोई भी अन्य बल्लेबाज क्रीज पर टिकने का साहस नहीं दिखा सका। कृष्णा क्रिकेट अकादमी के लिए प्रिंस ने चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। मोहम्मद फैज ने भी दो विकेट अपने नाम किए।
एमपीएस के गेंदबाज वंश सक्सेना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। कृष्णा अकादमी ने 23.4 ओवरों में चार विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। मुख्य अतिथि ऋद्धि गुप्ता ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रिंस को मैन ऑफ द मैच और वंश सक्सेना को फाइटर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
आयोजन सचिव मनीष सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल मैच एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी और एसआरएमएस ब्लू के बीच और दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मेजबान मनीष क्रिकेट अकादमी और विजेता कृष्णा क्रिकेट अकादमी के बीच होगा।