विश्व मानवाधिकार दिवस पर हुई पोस्टर प्रतियोगिता, विजेता पुरस्कृत
बरेली। बरेली कॉलेज में राजनीति विज्ञान विभाग के पीजी फोरम के तत्वाधान में शुक्रवार को विश्व मानवाधिकार दिवस पर शपथ ग्रहण एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राचार्य प्रो. अनुराग मोहन ने विद्यार्थियों को अधिकारों के प्रति सजग रहकर कर्तव्य पालन की सीख दी।
चीफ प्रॉक्टर डॉ. श्यामपाल मौर्य ने मानव अधिकारों की अवधारणा से परिचित कराते हुए व्यक्तित्व विकास के लिए इन्हें जरूरी बताया। विभागाध्यक्ष डॉ. मनमीत कौर ने मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। डॉ. एसी त्रिपाठी ने मानव मूल्यों को आत्मसात करने पर बल दिया। पीजी फोरम की निदेशक डॉ. नीलम गुप्ता ने मानवाधिकार संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम आयोजन में डॉ. रमेश त्रिपाठी, डॉ. मिन्नी का विशेष सहयोग रहा।
अमृत महोत्सव और मानवाधिकार संरक्षण विषय पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता में स्नेहा, वैशाली, अर्शी, मोहम्मद शादाब, हिमांशु, प्राची, आशिया, नेहा, अनूप, राधा, शुबिया, विजय, दीपमाला आदि विद्यार्थियों ने बेहतरीन पोस्टर बनाए। सभी को पुरस्कार दिए गए। ब्यूरो
‘देश में 1993 में लागू हुआ मानवाधिकार कानून’
बरेली। इनरव्हील क्लब ऑफ बरेली ग्लोरी ने मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर क्लब की अध्यक्ष डॉ. चारू मेहरोत्रा ने मानवाधिकारों के बारे में जानकारी दी। कहा, भारत में सितंबर, 1993 मानवाधिकार कानून लागू किया गया। मुख्य अतिथि अंजना देवल रहीं। क्लब की सचिव अलका मेहरोत्रा ने भी मानवाधिकारों के बारे में बताया। इस अवसर पर क्लब की सदस्य बरखा, अनुष्का, खुशी, रेनू शर्मा, सौम्या, चंद्रकांता, आदि मौजूद रहीं। संवाद
‘महिलाओं की क्षमता का नहीं हो रहा बेहतर उपयोग’
बरेली। साहूराम स्वरूप महिला महाविद्यालय में अतिथि व्याख्यान हुआ। गन्ना उत्पादक पीजी कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. नागेश्वर प्रसाद ने मानवाधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। कहा, महिलाओं की प्रगति सशक्त राष्ट्रवाद पर दूरगामी प्रभाव डालती है। समाज में महिलाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि आज भी भारतीय सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित सेवा में महज 11 प्रतिशत ही महिलाएं हैं। समाज अब भी महिलाओं की क्षमता और प्रतिभा का बेहतर उपयोग नहीं कर पाया है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ अनुपमा मेहरोत्रा ने छात्राओं को मूल अधिकारों के बारे में बताया। छात्रा दिव्यांशी तोमर, राविया खान, सना और निशा ने भी विचार रखे। इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रीति पाठक, डॉ. कनकलता सिंह, डॉ. कनिका पांडे, सीमा अग्रवाल, प्रतिमा सिंह, रेखा पांडे, मीनू बंग, सोनिया आदि मौजूद रहीं।
रैली निकालकर किया अधिकारों के प्रति जागरूक
बरेली। खंडेलवाल कॉलेज के शिक्षा संकाय की ओर से रैली निकालकर ग्रामीणों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने रिठौरा के गांव बरकापुर और अडपुरा सिंघाई कायस्थान में रैली निकाली। नुक्कड़ नाटक और स्लोगन के जरिए महिला अधिकार, बाल अधिकार और शिक्षा अधिकार के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार, प्राचार्य डॉ. आरके सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
लघु और नृत्य नाटिका से दी मानवाधिकार की जानकारी
बरेली। एसआरएमएस कॉलेज ऑफ लॉ में शुक्रवार को मानवाधिकार दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। चेयरमैन देवमूर्ति ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। एकेडमिक कोऑर्डिनेटर डॉ. अनुराधा यादव ने बताया कि छात्राओं ने लघु और नृत्य नाटिका से मानवाधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक प्रवक्ता सुषमा गंगवार, डॉ. अनुज, प्रो. संजय पांडे आदि मौजूद रहे। ब्यूरो