बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के कारण चाकू से हमला कर युवक की अंगुली काट दी गई। एडीजी के आदेश पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि हमलावर मोहल्ले में आकर हुड़दंग मचाते हैं। मढ़ीनाथ चौकी इंचार्ज और सिपाही समझौता न करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
शांति विहार निवासी पीयूष शर्मा ने पुलिस को बताया कि नौ अगस्त को वह अपने घर में बनी दुकान पर बैठे थे। तभी मोहल्ले का रजनीश जबरन दुकान में घुस आया। उन्हें अकेला देखकर उसने राहुल सक्सेना उर्फ रिबिल, राजू सक्सेना, रूबी सक्सेना और राजन सक्सेना को बुला लिया। इन सभी ने मिलकर लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया। रजनीश ने चाकू से वार किया। बचाव के दौरान पीयूष की अंगुली कट गई। पिटाई से उनका एक हाथ भी टूट गया था। तब उन्होंने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से हमलावर रंजिश मानते हैं। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो