आशंकाओं के मुताबिक चाइनीज मांझा एक बार फिर खतरनाक साबित हुआ। श्यामगंज फ्लाईओवर पर बुधवार की दोपहर में चाइनीज मांझा से एक युवक की गर्दन कट गई। वह घर से अपने कार्यालय की ओर जा रहा था। घायल अवस्था में उसे पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जख्म पर टांके लगाने के बाद उसे छुट्टी कर दी गई।
पीड़ित आशीष पटेल ने बताया कि दोपहर में वह श्यामगंज फ्लाईओवर से होते हुए डीडीपुरम जा रहा था। इसी दौरान अचानक मांझा उसके हेलमेट में फंसा तो उसे निकालने के लिए उन्होंने बाइक की रफ्तार कम की लेकिन तब तक मांझा हेलमेट से खिसककर गर्दन पर पहुंच गया और खिंचाव के साथ अंदर तक धंस गया।
उन्होंने बताया कि जैसे ही वह आगे बढ़े, एक और युवक उसी मांझे में जा फंसा और उसकी नाक और गर्दन के साथ हथेलियां भी जख्मी हो गईं।