बरेली। डोहरा रोड स्थित स्टेडियम में खेली जा रही डीजी इंफ्रा बरेली कॉर्पोरेट लीग के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां किंग्स प्लेयर्स और फरीदपुर स्टार्स ने अपने-अपने मैचों में एकतरफा जीत हासिल की।
पहले मुकाबले में बेन-हर की टीम ने किंग्स प्लेयर्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अभिषेक द्विवेदी ने 36 और बिन्नी ने 35 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत टीम ने कुल 174 रन बनाए। किंग्स प्लेयर्स की तरफ से गेंदबाजी में सुमित ने घातक प्रदर्शन करते हुए दो विकेट चटकाए।
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स प्लेयर्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक और रजत बघेल ने पहले विकेट के लिए ताबड़तोड़ 76 रनों की साझेदारी करके जीत की नींव रखी। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए आकाश कुमार ने नाबाद 37 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और अपनी टीम को 15वें ओवर में ही जीत दिला दी। इस मैच में 78 रनों की शानदार और मैच जिताऊ पारी खेलने वाले रजत बघेल को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
दूसरा मुकाबले में बल्लेबाजी करते हुए फरीदपुर स्टार्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 274 रन खड़ा किया। टीम की ओर से मनोज ने 66 रन, विराट ने 64 रन, जबकि पावस और शादाब ने 61-61 रनों की आतिशी पारियां खेलीं। बालाजी इंडस्ट्रीज की तरफ से गेंदबाजी में इमरान अंसारी ही कुछ हद तक सफल रहे, जिन्होंने दो विकेट अपने नाम किए।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बालाजी इंडस्ट्री की टीम शुरुआत से ही फरीदपुर स्टार्स के गेंदबाजों के दबाव में नजर आई। केशव शर्मा के जुझारू 52 रन और कप्तान अंकित सिंह के 31 रनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिकने का साहस नहीं दिखा सका। पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 186 रन ही बना सकी और फरीदपुर स्टार्स ने यह मुकाबला 86 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथि जगमोहन उपाध्याय व अमन शर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान कमेंटेटर सलमान अली, पिंटू चौधरी, संदीप पॉल, शुभम कौशिक, अंकित सिंह, शशांक रस्तोगी आदि मौजूद रहे।