युवकों ने तमंचा दिखा कर दी धमकी, भागकर दूसरे गांव के पूर्व प्रधान के घर ली शरण
क्योलड़िया। एक गांव में युवती को बुधवार देर रात फोन कर घर के बाहर बुलाकर जबरन बाइक पर बैठा कर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। युवती किसी तरह जान बचाकर भागी और दूसरे गांव में पूर्व प्रधान के घर जाकर शरण लेकर परिवार को सूचना दी। फिलहाल, पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज किया है।
गांव निवासी युवती ने दी तहरीर में बताया कि पुरैनिया गांव के विवेक से उसकी दोस्ती थी, जो बाद में मनमुटाव के कारण समाप्त हो गई। आरोप है कि 11 फरवरी की रात करीब 11:00 बजे विवेक और उसके दो साथियों ने फोन कर घर के बाहर बुलाया। इसके बाद उसे जबरन बाइक पर बैठाकर मेथी चौराहे की ओर ले गए। युवती का आरोप है कि वहां आरोपियों ने छेड़खानी की और जबरन गलत काम करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर एक आरोपी ने तमंचा निकाल लिया। भयभीत युवती मौके से भागकर जंगल के रास्ते होते हुए एक गांव के पूर्व प्रधान के घर पहुंची। सूचना पर परिजन उसे सुरक्षित घर ले आए। अगले दिन हिम्मत जुटाकर पीड़िता थाना क्योलड़िया पहुंची और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद