बदायूं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर तंज करते हुए कहा कि वह शीशी में एक ओर से इत्र डालते हैं और दूसरी ओर से 280 करोड़ निकालते हैं। अखिलेश बाबू कोरोना काल में नहीं दिखे, अब चुनाव में पिकनिक मनाने निकले हैं। 14 फरवरी को कमल का बटन दबाकर अखिलेश को ऐसा टीका लगाना कि उनको कोई बीमारी न बचे। 2917 में साइकिल पंचर की थी, इस बार उसके टुकड़े-टुकड़े कर देना। उपमुख्यमंत्री कादरचौक में भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र शाक्य के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में थाने गुंडे चलाते हैं। सपाई आतंकियों और माफिया का संगठन बनाते हैं। 10 मार्च के बाद बचे हुए गुंडों पर बुलडोजर चलेगा। 2014, 2017 और 2019 में जैसे यूपी में कमल खिला, उसी तरह से 2022 में भी ईवीएम कमल से भरी निकले।
केशव प्रसाद मौर्य ने संबोधन के दौरान उपस्थित जन समूह से सवाल करते हुए उनसे सीधे जुड़ने की कोशिश की। कहा कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा है उस गाड़ी में गुंडा है। सपा का नारा खाली प्लॉट हमारा। योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि सबको फ्री राशन मिल रहा है। सपा या बसपा की सरकार होती तो यह राशन डकार लिया जाता। भाजपा सरकार ने गरीबों का ध्यान रखा है। लोगों से पूछा कि कोरोना टीका किस-किसने लगवाया। फिर बोले-अखिलेश ने नहीं लगवाया। कह दिया कि मोदी का टीका है। अब उनको मतदान वाले दिन ईवीएम का बटन दबाकर ऐसा टीका लगाना है जो उनकी सब बीमारियां दूर हो जाएं। हमारी सरकार ने गरीबों का ध्यान रखा और उनकी सरकार ने माफिया, आतंकवादियों का। जनसमूह से कहा कि पिछली बार छह में पांच सीट मिली थीं, लेकिन इस बार छह की छह सीट भाजपा को मिलेंगी।
--
डिप्टी सीएम को सभा खत्म करने के बाद भी डेढ़ घंटे रुकना पड़ा
बदायूं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को जनसभा संबोधित करने के बाद भी करीब डेढ़ घंटे यहां से बिजनौर रवाना होने के लिए इंतजार करना पड़ा। इस दौरान वह कादरचौक बाजार में सभा स्थल पर ही स्थित राधाकांत मंदिर पहुंचे। यहां महंत ऋषिदेव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और जलपान किया। दरअसल, डिप्टी सीएम के हेलिकॉप्टर का फ्यूल खत्म हो गया था।
वह शनिवार दोपहर करीब 01:10 बजे कादरचौक पहुंचे। 01:27 से 1:53 बजे तक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के दौरान ही उन्होंने बताया कि हेलिकॉप्टर में फ्यूल खत्म होने की वजह से उनको यहां ज्यादा देर संवाद करने का मौका मिला। मंच से उतरने के बाद वह भीड़ में पहुंच गए। यहां लोगों से बात की और फिर पास ही स्थित राधाकांत मंदिर पहुंचे। हेलिकॉप्टर के लिए बरेली से फ्यूल लेकर आने वाला वाहन रास्ते में जाम में फंस जाने के कारण और भी देरी हुई। फ्यूल आने के बाद डिप्टी सीएम यहां से 2:55 बजे बिजनौर के लिए रवाना हो गए।
-
कादरचौक से दी सूबे के 24 करोड़ लोगों की सुरक्षा की गारंटी
बदायूं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-बसपा पर हमला करने के साथ ही प्रदेश की 24 करोड़ जनता को सुरक्षा की गारंटी भी दी। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार होता है। आज चुनाव प्रचार का आखरी दिन है। जिस तरह क्रिकेट में आखरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच जीता जाता है उसी तरह बदायूं की छह विधानसभा सीटों को भी जीतने का काम करें। कहा कि भाजपा सरकार में विकास और सपा में गुंडागर्दी होती है। पांच साल में भाजपा सरकार के विकास का यह सिर्फ ट्रेलर है, अब अगले पांच साल में फिल्म देखने को मिलेगी। कहा कि भाजपा को हराने के लिए गठबंधन किए गए, लेकिन प्रदेश में लगातार कमल खिल रहा है। इस बार भी भाजपा 300 से ज्यादा सीट जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश के सिर्फ पांच जिलों में बिजली आती थी। भाजपा सरकार में बिना भेदभाव सभी को चौबीस घंटे बिजली मिल रही है। संवाद
-
चुनाव में जनता के बीच आए, सपा सरकार बनी तो अराजकता लाएंगे
डिप्टी सीएम ने राधाकांत मंदिर में जलपान करने के दौरान मीडियाकर्मियों से भी बात की। उन्होंने कहा कि पांच साल गायब रहने वाले चुनाव में जनता के बीच आ गए हैं। अगर उनकी सरकार बनती है तो वह अराजकता लाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा से अपराधियों को निकाल दें तो वहां कुछ नहीं बचेगा। यह जनता की सेवा नहीं करते, बल्कि दंगे, लूट और जमीनों पर अवैैध कब्जे कराते हैं। भाजपा सरकार में प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को हर माह दो बार मुफ्त राशन मिल रहा है। अगर सपा या बसपा की सरकार होती तो यह राशन डकार जाते। संवाद
-
मंच पर इनकी रही मौजूदगी
शेखूपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र शाक्य, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता सांसद, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, पूर्व मंत्री भगवान सिंह शाक्य, भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव, राममूर्ति लाल, पूनम यादव, वागीश पाठक, सत्यभान भदोरिया, बीएस मौर्य, एमपी सिंह राजपूत, वीरेंद्र राजपूत, अशोक भारतीय, शारदेंदु पाठक, राजू मौर्य, यादवेंद्र शाक्य, शिशुपाल शाक्य, देवेंद्र राजपूत, राकेश शाक्य, दुष्यंत सिंह, सेवाराम कश्यप, अनिल कुमार।